आज बीवीसीआई तथा हम सभी भारतवासियों के लिए अत्यंत गर्व का दिन: प्रवीण त्यागी
भारतीय वेटरन क्रिकेट टीम ने बांग्लादेश की टीम को 4 विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की
बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 123 रन बनाए।
भारतीय टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट खोकर 124 रन बनाकर किया कप अपने नाम
अथाह ब्यूरो
नयी दिल्ली/ थाईलैंड। भारतीय वेटरन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को चार विकेट से हराकर ‘एशिया लीजेंड कप थाईलैंड’ पर कब्जा कर लिया। इस जीत पर बीवीसीआआई के अध्यक्ष एवं ‘एशिया लीजेंड कप थाईलैंड’ के अध्यक्ष प्रवीण त्यागी एवं सचिव तथा बीवीसीआई उपाध्यक्ष रविंद्र त्यागी ने खुशी व्यक्त करते हुए टीम को बधाई दी।
बुधवार को फाइनल मैच में बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बांग्लादेश की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 123 रन बनाये। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय वेटरन टीम ने छह विकेट खोकर 124 रन बनाकर चार विकेट से जीत दर्ज कर ‘एशिया लीजेंड कप थाईलैंड’ अपने नाम किया।
भारत की ओर से दिल्ली के खिलाड़ी दीपक शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 76 रन नाबाद बनाए और उन्हें मैन आॅफ द मैच घोषित किया गया। वहीं, मैन आॅफ द सीरीज का खिताब छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी कलीम खान को मिला।
आज का यह रोमांचक मुकाबला देखने के लिए बीवीसीआई के अध्यक्ष एवं ‘एशिया लीजेंड कप थाईलैंड’ के अध्यक्ष प्रवीण त्यागी एवं बीवीसीआई उपाध्यक्ष, एशिया लीजेंड कप के सचिव रविंद्र त्यागी, विनोद फड़के (गोवा), तरुणेश परिहार (छत्तीसगढ़) भी थाईलैंड में मौजूद थे। इन्होंने पुरस्कार वितरण भी किया। इस मौके पर प्रवीण त्यागी की पत्नी सुमन तयागी, गाजियाबाद उद्यमी सुदन रावत, विभा रावत भी मौजूद थे। इस मौके पर विश्वजीत सिंह, दीपक त्यागी समेत बड़ी संख्या में भारतीय उपस्थित रहे।





