Dainik Athah

हिमांशु नागपाल ने संभाला नगर आयुक्त का कार्यभार, धूल और कचरा प्रबंधन पर जोर

पदभार ग्रहण करते ही पीएमओ की वर्चुअल बैठक में हुए शामिल, साझा कीं नगर निगम की आगामी योजनाएं

गाजियाबाद। हिमांशु नागपाल ने गाजियाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त का कार्यभार संभाल लिया। निगम कार्यालय पहुंचने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। शासन ने वाराणसी के नगर आयुक्त रहे नागपाल को गाजियाबाद की जिम्मेदारी सौंपी है।2019 बैच के आईएएस अधिकारी नागपाल ने पदभार ग्रहण करने के बाद निगम अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और महापौर सुनीता दयाल से मुलाकात की।

उन्होंने शहर के विकास और जनहित से जुड़ी योजनाओं को सफल बनाने के लिए जनसहभागिता तथा अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच टीम भावना से काम करने पर जोर दिया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद नगर आयुक्त ने प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से आयोजित वर्चुअल बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने धूल प्रबंधन और कचरा प्रबंधन को लेकर गाजियाबाद नगर निगम की आगामी योजनाएं साझा कीं।बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश उपस्थित रहे।

नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों के साथ दोनों विषयों पर विशेष चर्चा की।निवर्तमान नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का कार्यभार संभाल लिया। शासन ने उन्हें गाजियाबाद नगर आयुक्त के पद से मेरठ विकास प्राधिकरण में नियुक्त किया है।महापौर सुनीता दयाल सहित नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मलिक को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *