अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार किसानों को झूठे सपने दिखाती है। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। किसानों को फसल की कीमत नहीं मिल रही है। मंडियों काम रोक दिया। दूध के उत्पादन में, धान के उत्पादन में या अन्य चीजों के उत्पादन में सभी ने देखा कि क्या सपने दिखाए गए। मंडियां क्यों नहीं बन रही है। किसानों आय क्यों नहीं दोगुनी हुई?
यादव ने कहा कि कहा जा रहा है कि दुनिया में सबसे ज्यादा रेलवे लाइनें बनायी गयी है लेकिन मुख्यमंत्री जी ने प्रधानमंत्री जी के क्षेत्र वाराणसी में मेट्रो नहीं बनने दिया जबकि मेट्रो के लिए डीपीआर और एलाइनमेंट सब कुछ समाजवादी सरकार में हो गया था।
बुधवार को संसद भवन के बाहर मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि खुद को सनातनी कहने वालों ने पूज्यनीय शंकरचार्य का अपमान किया। स्नान नहीं करने दिया। भाजपा के लोगों ने शंकराचार्य जी को अपमानित किया और दु:खी किया है। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य से प्रमाण-पत्र मांगने वालों को योगी होने का प्रमाण-पत्र किसने दिया? जो दूसरे का प्रमाण-पत्र मांग रहे हैं, उन्हें अपना प्रमाण-पत्र भी दिखाना चाहिए। जो खुद को योगी कहते हैं, वे योग का सबसे आसान आसन एक पैर खड़े होने में भी डगमगाते हैं। उन्हें किसने और किस बात का योगी होने का प्रमाण-पत्र दिया है।
यादव ने कहा कि सनातन के संरक्षण में महारानी अहिल्याबाई होल्कर की बहुत बड़ा योगदान रहा है। उनकी बनायी चीजों को संरक्षण करना था, विरासत को बचाकर आने वाली पीढ़ी को देना था लेकिन इस सरकार ने अहिल्या बाई होल्कर का बनाया सबसे प्राचीन घाट को तोड़ दिया। मूर्तियां तोड़ दी। उस घाट को बुल्डोजर से तोड़ने वाले कभी सनातनी नहीं हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार वीबीरामजी योजना में बजट कम करके दे रही है। राज्य पहले से ही बजट के लिए केन्द्र सरकार की तरफ देख रहे हैं। जब बजट ही नहीं रहेगा तो गरीबों को काम और रोजगार कैसे मिलेगा। यूजीसी की नई गाइड लाइन पर एक सवाल के जवाब में कहा कि दोषी बचना नहीं चाहिए और निर्दोष नहीं फंसना चाहिए।
अखिलेश यादव ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के विमान दुर्घटना की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि पता चलना चाहिए की आखिर यह घटना क्यों हुई? श्री अजीत पवार महाराष्ट्र के बड़े और लोकप्रिय नेता थे। वह डिप्टी सीएम थे। कई बार डिप्टी सीएम रहे। आज जब लोग इतने जागरूक है। तकनीक को सब समझते है। यह बात साफ होनी चाहिए कि यह घटना क्यों हुई?
