जीडीए ने प्रमुख आवासीय योजनाओं, सड़कों व 56 MLD STP का नगर निगम को किया हस्तांतरण
अथाह संवाददाता, गाजियाबाद। शहर में नागरिक सुविधाओं के बेहतर संचालन की दिशा में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपनी विकसित प्रमुख आवासीय योजनाओं, सड़कों एवं आधारभूत परिसंपत्तियों का विधिवत हस्तांतरण नगर निगम को किया। इस दौरान स्वर्णजयंतीपुरम, कर्पूरीपुरम (बी-ब्लॉक), भाऊराव देवरस (केए व केबी ब्लॉक), प्रताप विहार, गोविंदपुरम (सीपी ब्लॉक), राजनगर एक्सटेंशन मुख्य बंधा रोड तथा मधुबन बापूधाम स्थित 56 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट को नगर निगम को सौंपा गया।हस्तांतरण की प्रक्रिया जीडीए उपाध्यक्ष नंदकिशोर कलाल, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक एवं दोनों संस्थाओं की तकनीकी टीमों की उपस्थिति में आपसी सहमति से पूरी की गई। इस दौरान संबंधित परिसंपत्तियों के तकनीकी दस्तावेज, ड्रॉइंग्स एवं संचालन से जुड़े अभिलेख भी सौंपे गए।जीडीए ने नगर निगम को कुल 66.32 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराए जाने का प्रावधान किया गया है, जिसमें से लगभग 33.16 करोड़ फरवरी और शेष राशि मार्च माह में दी जाएगी। इस वित्तीय सहयोग से सफाई, सड़क अनुरक्षण, सीवरेज, जल निकासी, हरित विकास एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यों को मजबूती मिलेगी।अधिकारियों के अनुसार, 56 एमएलडी एसटीपी के प्रभावी संचालन से सीवरेज निस्तारण क्षमता बढ़ेगी और जल प्रदूषण नियंत्रण में भी सहायता मिलेगी। GDA ने कहा कि भविष्य में भी समन्वित प्रयासों के माध्यम से स्थायी और नागरिक-केंद्रित शहरी विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

