Dainik Athah

भाजपा में अध्यक्ष- पदाधिकारी पर्ची से बनाये जाते हैं, सपा नेता बनाने का कारखाना है: नरेश उत्तम पटेल



अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं फतेहपुर से सांसद नरेश उत्तम पटेल ने कहा है कि भाजपा में अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी पर्चा निकाल कर बनाये जाते हैं जबकि समाजवादी पार्टी नेता बनाने का कारखाना है। मैं आठ साल तक समाजवादी पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष रहा। 2017 में रमाबाई अम्बेडकर मैदान में समाजवादी पार्टी के 25 हजार डेलीगेट्स ने मुझे प्रदेश अध्यक्ष बनाया था। 2022 में दोबारा प्रदेश अध्यक्ष चुना गया। समाजवादी पार्टी ने मुझे 2024 में फतेहपुर से लोकसभा का टिकट दिया। उसके बाद अब श्याम लाल पाल समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। पार्टी ने मुझे तीन बार विधान परिषद सदस्य बनाया। 1990 में मैं नेताजी मुलायम सिंह यादव की सरकार में मंत्री रहा।


पटेल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी विचारधारा की पार्टी है। भाजपा वोटो के लिए पिछड़ों की बात करती है। पिछड़ों का आरक्षण खत्म कर रही है। नौकरियों में बड़े पैमाने पर आरक्षण का घोटाला किया। 69 हजार शिक्षक भर्ती में पिछड़े वर्ग के युवाओं का 18 हजार पद लूट लिया। अन्य नौकरियों में पिछड़ों का आरक्षण लूटा जा रहा है। हाल ही में लेखपाल भर्ती में भी पिछड़ों के आरक्षण के साथ लूट की गयी थी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने इस मुद्दे को उठाया। समाजवादी पार्टी ने हर स्तर पर मामले में आवाज उठाने का काम किया तब पिछड़ों का हक मिल पाया।
नरेश उत्तम पटेल ने कहा है कि यह सरकार प्रदेश के युवाओं के साथ धोखा कर रही है। भाजपा सरकार नौकरियों में पढ़े-लिखे युवाओं को एनएफएस (नाट फाउण्ड सुटेबल) करके नौकरियों से वंचित कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी गरीब और कमजोर को ऊपर उठाने का काम करती है। गरीबी और अमीरों की खाईं को कम करने का काम करती है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *