अथाह ब्यूरो
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने संसद में केंद्रीय बजट 2025-26 प्रस्तुत किया, जो ‘सबका साथ और सबका विकास’ के लक्ष्य को समर्पित है। यह बजट विकसित भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसमें चार प्रमुख विकास इंजनों- कृषि, एमएसएमई, निवेश और निर्यात को केंद्र में रखा गया है। बजट में गरीबों, युवाओं, किसानों एवं महिलाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए विकास उपायों को प्रस्तावित किया गया है।
भूपेंद्र सिंह चौधरी रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर प्रेसवार्ता को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा देश के अन्नदाताओं की समृद्धि के बिना भारत का विकास अधूरा है। इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना शुरू की गई है, जिससे 100 जिलों के 1.7 करोड़ किसान लाभान्वित होंगे। बजट में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की ऋण सीमा 3 लाख रुपए से बढ़ाकर 5 लाख कर दी गई है। इसके साथ ही उच्च उपज बीज मिशन, कपास उत्पादकता मिशन और मखाना बोर्ड जैसी योजनाओं से किसानों को बेहतर बाजार मूल्य मिलेगा।
चौधरी ने कहा देश का हर छोटा उद्योग, हर स्टार्टअप भारत की नई अर्थव्यवस्था की नींव रख रहा है। सूक्ष्म उद्यम क्रेडिट कार्ड के तहत 10 लाख एमएसएमई को 5 लाख रुपए तक की ऋण सुविधा दी जाएगी। इससे चमड़ा और फुटवियर उद्योग में 22 लाख नए रोजगार सृजित होंगे और 1.1 लाख करोड़ रुपए का निर्यात होगा। इसके साथ ही खिलौना उद्योग में ‘मेड इन इंडिया’ ब्रांड को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी। उन्होंने कहा बिहार में राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी संस्थान की स्थापना से खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।
भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा स्टार्टअप्स के लिए 10,000 करोड़ रुपए का अतिरिक्त योगदान दिया जाएगा ताकि नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने कहा बजट 2025-26 में भारत को आर्थिक शक्ति बनाने के लिए निवेश बढ़ाने पर जोर दिया गया है। 21 लाख करोड़ रुपए के आवंटन से शहरों को विकास का केंद्र बनाया जाएगा। इसके साथ ही अब तक 15 करोड़ परिवारों तक स्वच्छ पेयजल पहुँचाया गया है और इस मिशन की अवधि 2028 तक बढ़ा दी गई है। समुद्री विकास निधि से 25,000 करोड रुपए की योजना के तहत भारत के बंदरगाहों और जहाज निर्माण उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा आईआईटी और आईआईएससी में 10,000 नई रिसर्च फेलोशिप दी जाएगी। 200 डे-केयर कैंसर सेंटर खोले जाएंगे, जिससे हर जिले में सस्ता और सुलभ इलाज मिलेगा। इसके साथ ही परमाणु ऊर्जा मिशन 20,000 करोड रुपए के निवेश से 2033 तक 5 स्वदेशी छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर विकसित किए जाएंगे। 120 नए हवाई अड्डे बनाए जाएंगे और बिहार में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा निर्यात से भारत को वैश्विक शक्ति बनाने की पहल।
चौधरी ने कहा भारत की मेड इन इंडिया नीति अब पूरी दुनिया में अपनी छाप छोड़ रही है। निर्यात संवर्धन मिशन के तहत भारत को निर्यात हब बनाने के लिए एक नई पहल प्रारम्भ की गयी। एयर कार्गाे के लिए भंडारण सुविधा बनाई जाएगी, जिससे कृषि और खाद्य उत्पादों का तेज निर्यात संभव होगा। उन्होंने कहा बजट में देश के करदाताओं एवं मध्यम वर्ग को बड़ी राहत। देश के करदाताओं के लिए भी यह बजट राहत लेकर आया है। अब 12 लाख रुपए तक की वार्षिक आय पर कोई आयकर नहीं लगेगा। टीडीएस की सीमा 2.4 लाख रुपए से बढ़ाकर 6 लाख रुपए कर दी गई है। बजट में 36 जीवन रक्षक दवाओं को कस्टम ड्यूटी से छूट दी गई है। हमारा लक्ष्य है सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास।