Dainik Athah

बूथ समितियों को और अधिक सक्रिय किया जाएगा: धर्मपाल सिंह

पश्चिम क्षेत्र एवं बृज क्षेत्र में अनुसूचित जाति मोर्चा कार्यकर्ता संवाद में बोले प्रदेश महामंत्री संगठन

अथाह ब्यूरो
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बुधवार को पश्चिम क्षेत्र एवं बृज क्षेत्र में अनुसूचित जाति मोर्चा कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम के तहत अनुसूचित जाति मोर्चा के क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं मोर्चा जिलाध्यक्षों के साथ संवाद किया।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने गौतमबुद्धनगर तथा अलीगढ़ में आयोजित अनुसूचित जाति मोर्चा कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में कहा कि वैभवशाली राष्ट्र का निर्माण तथा गरीब, वंचित वर्ग की आर्थिक व सामाजिक उन्नति ही भाजपा का ध्येय है। यह ध्येय प्राप्त करने के लिए संगठन की मजबूती आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और बूथ स्तर पर प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रियता ही भाजपा की ताकत है। हमें अपने सेवाभाव से प्रत्येक व्यक्ति व परिवार के साथ उनके परिवार के सदस्य की तरह जुड़ना है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार बिना भेदभाव सभी वर्गों व जातियों का आर्थिव व सामाजिक उन्नति कर रही है। सभी का घर, मकान, दुकान, खेत खलिहान, तथा सभी के सम्मान की सुरक्षा भाजपा सरकार की गारन्टी है। बाबा साहेब से जुडे़ स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करके उनके द्वारा प्रशस्त मार्ग का अनुसरण केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार कर रही है।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने के लिए बूथ समितियों को और अधिक सक्रिय किया जाएगा। विभिन्न अभियानों के माध्यम से गांव, गली, शहर, मोहल्लों तक हमें पहुंचकर जन जन से जुड़ना है। हमें अपनी सरकारों का लेखा जोखा भी लोकदरबार में लेकर जाना है तथा विपक्ष के खतरनाक मंसूबों और उनके द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम और झूठ का भी अन्त करना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देकर संगठन के सभी कार्यक्रमों व अभियानों से जोड़ना है। जिससे सभी संगठनात्मक गतिविधियां प्रभावी हो और सर्व व्यापी, सर्व स्पर्शी बनें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *