Dainik Athah

सीएम योगी की मौजूदगी में बनेगी गाजियाबाद उप चुनाव जीतने की रणनीति

मुख्यमंत्री योगी का एक दिवसीय गाजियाबाद दौरा शुक्रवार को

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर गाजियाबाद आ रहे हैं। इस दौरान वे जहां एक निजी चैनल के कार्यक्रम में शामिल होंगे, वहीं गाजियाबाद सदर सीट उप चुनाव को जीतने की रणनीति भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बनायेंगे।
बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी उप चुनाव में सभी दस सीटों की कमान अपने हाथों में ली हुई है। मुख्यमंत्री लगातार उप चुनाव वाली सीटों के लिए बैठकें कर रहे हैं। उनकी योजना सभी दस सीटों पर भगवा फहराने की है। मुख्यमंत्री योगी शुक्रवार को दिल्ली सीमा के नजदीक स्थित एक पांच सितारा होटल में एक निजी टीवी चैनल के लांचिंग कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे कार्यक्रम में करीब दो घंटे तक रहेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री गाजियाबाद शहर भी आयेंगे और गाजियाबाद शहर उप चुनाव को लेकर भाजपा की बैठक कर रणनीति बनायेंगे।
मुख्यमंत्री की इस बैठक में सांसद, विधायकों के साथ ही महानगर भाजपा टीम, क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया समेत पार्टी के प्रमुख पदाधिकारी और पूर्व जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। उप चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री की इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि बैठक लोहियानगर स्थित हिंदी भवन में होगी। महानगर भाजपा ने बैठक की तैयारियां शुरू कर दी है। सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री इस बैठक में कार्यकर्ताओं के मन की बात भी सुन सकते हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *