आगरा में सपा के दलित सम्मेलन में बोले सपा प्रमुख

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगरा में समाजवादी पार्टी के राज्य सभा सादस्य रामजी लाल सुमन द्वारा आयोजित विशाल दलित सम्मेलन को संबोधित किया। सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लाखों की संख्या में दलित समाज के लोग शामिल हुए। विशाल जन-समूह को संबोधित करते कहा पीडीए दलित समर्थन में उमड़ा जन समुदाय साबित कर रहा है कि समाजवादी पार्टी को ऐतिहासिक जन समर्थन मिल रहा है। आगरा से पीडीए आन्दोलन की शुरूआत हो रही है। जन समर्थन देखकर लग रहा है कि यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश का ही नहीं पूरे देश का दलित सम्मेलन हो रहा है। उन्होंने कहा कि जो अंगद का पैर जमाने की बात कर रहे थे, आगरा सम्मेलन के बाद उनकी जमीन खिसक गयी है। इस बार दलित समाज भाजपा का हमेशा के लिए सफाया कर देगा। उन्होंने कहा कि जो लोग भाजपा के साथ हैं, वह दलित विरोधी है। दलित समाज पीडीए के साथ एकजुट रहकर 2024 की तरह 2027 में भाजपा को हमेशा के लिए हरा देगा।
यादव ने कहा कि हार को देखकर भाजपा में घबराहट है, इसीलिए वोट की हेराफेरी कर रही है। वोटर लिस्ट में धांधली का प्रयास कर रही है। पहले मतदाता सूची का एसआईआर कराया और अब एसएसआर करा रहे है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तो इतना घबरा गये हैं कि बोल रहे है। 1 करोड़ 27 लाख हिन्दुओं के वोट कट गये। सोचने वाली बात है चुनाव आयोग और अधिकारी सब इन्ही के फिर वोट कैसे कट गये?

अखिलेश यादव ने कहा कि दरअसल दमदार दलित भाइयो ने अपने वोट बनवा लिए और मुस्लिम भाइयों ने अपने वोट बचा लिए इसीलिए भाजपा घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को भाजपा से सावधान रहना है। अपने वोट को बचाये रखना है। वोटर लिस्ट की निगरानी करना है। अगर वोट नहीं बचा तो संविधान नहीं बचेगा, संविधान नहीं बचेगा तो हक और अधिकार नहीं बचेगा। जो लोग संविधान खत्म करना चाहते है वहीं लोग हमारे आपके वोट के खत्म करना चाहते है। इसलिए वोट बचाओ-संविधान बचाओ। यह लड़ाई हमारे आपके सम्मान और अधिकार की लड़ाई है। भाजपा को हराना ही नही है, हमेशा के लिए मिटाना है।
यादव ने कहा कि भाजपा के लोग हमारे पीडीए की परिभाषाएं बदलते रहते है। इस सम्मेलन ने साबित कर दिया है पीडीए का डी दमदार दलित है, पीडीए में हमेशा दमदार दलित दिखाई देगा। जब से पीडीए की ताकत बढ़ी है, पीडीए ने उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराया है तब से भाजपा पीडीए के खिलाफ तमाम साजिश और षडयंत्र कर रही है। समाजवादी पार्टी ने आंकड़ों के साथ साबित किया है कि भाजपा सरकार ने पीडीए के साथ भेदभाव किया है। जब से भाजपा सरकार सत्ता में आयी है दलित समाज का उत्पीड़न और अन्याय तेजी से बढ़ा है। देश में दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार उत्तर प्रदेश में हुआ है। पिछले दस साल में उत्तर प्रदेश में बाबा साहब डॉ0 अम्बेडकर की लगभग 200 मूर्तियाँ तोड़ी गयी है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मूर्ति तोड़ने वाले सबसे पहले बाबा साहब के उस हाथ को तोड़ते है जिस हाथ में संविधान की किताब होती है। ये लोग संविधान पर हमला कर रहे है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा संविधान और लोकतंन्त्र विरोधी है। भाजपा वोट का अधिकार छीनना चाहती है। जनता भाजपा के अन्याय, अत्याचार के खिलाफ खड़ी हो रही है तो भाजपा बेईमानी पर उतारू है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार विधान परिषद के चुनाव में काशी में हार गयी। आगरा में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी को हराने के लिए भाजपा ने सत्ता का दुरूपयोग किया, प्रताड़ित किया, अपमानित किया, कपड़े तक फाड़ दिये लेकिन आगरा के दमदार साथियों का साथ मिला समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी चुनाव जीत गया। पीडिए में एक ए और जुड गया। जो पीड़ित, दुखी, अपमानित है वही हमारा पीडीए है। हमारा पीडीए पीड़ित के साथ खड़ा है।
सम्मेलन को समाजवादी पार्टी के अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद, मोहनलालगंज से सांसद आरके चौधरी, रामपुर से सांसद मौलाना मोहिबुल्ला नदवी, विधायक मनोज पारस, विधायक डा. रागिनी सोनकर समेत अन्य नेताओं ने सम्बोधित किया।
