सीएम योगी- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जारी किया संयुक्त बयान
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के संदर्भ में केंद्रीय नेतृत्व को 209 प्रत्याशियों की सूची तैयार कर उसे सौंपे जाने संबंधी खबरों का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने खंडन किया है।
रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि पिछले कुछ दिनों से कतिपय समाचार माध्यमों, व्यक्तियों और संस्थानों द्वारा आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश के 209 प्रत्याशियों की एक कथित सूची तैयार किए जाने और उसे केंद्रीय नेतृत्व को भेजे जाने का समाचार लगातार प्रसारित किया जा रहा है। यह पूरी तरह से असत्य, निराधार काल्पनिक और मनगढंत है। भाजपा इस फर्जी और झूठे खबर का सिरे से खंडन करती है।
प्रदेश के दोनों शीर्ष नेताओें ने बयान में कहा कि भारतीय जनता पार्टी अथवा प्रदेश नेतृत्व द्वारा इस प्रकार की कोई भी सूची न तो तैयार की गई है और न ही केंद्रीय नेतृत्व को प्रेषित की गई है। भाजपा एक अनुशासित और कैडर-आधारित राजनीतिक दल है, जहाँ विधानसभा अथवा किसी भी अन्य चुनाव में प्रत्याशियों के चयन की एक अत्यंत सुव्यवस्थित, लोकतांत्रिक और पूर्ण संगठनात्मक प्रक्रिया निर्धारित है, जो कि वर्तमान में प्रारंभ भी नहीं हुई है।
योगी एवं चौधरी ने कहा कि इस तरह का भ्रामक दुष्प्रचार एक सोची-समझी साजिश है। ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ तत्वों द्वारा पार्टी के निष्ठावान कार्यकतार्ओं के बीच असमंजस, भ्रम और भय का वातावरण निर्मित करने के उद्देश्य से यह मनगढ़ंत अफवाह फैलाई जा रही है। भारतीय जनता पार्टी अपने सभी पदाधिकारियों, कार्यकतार्ओं एवं आम जनमानस से अपील करती है कि वे इस प्रकार के तथ्यहीन और भ्रामक समाचारों पर किसी भी रूप में विश्वास न करें तथा केवल पार्टी के अधिकृत मंचों से जारी होने वाली सूचनाओं को ही प्रामाणिक मानें।
