Dainik Athah

चार जून को भाजपा सरकार हटेगी, देश में खुशियों के दिन आयेंगे: अखिलेश यादव

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सपा प्रमुख ने महराजगंज- मऊ में की जनसभाएं

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन गुरुवार को महराजगंज लोकसभा क्षेत्र में इंडिया गठबंधन कांग्रेस के प्रत्याशी वीरेन्द्र चौधरी और मऊ लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी राजीव राय के समर्थन में विशाल चुनावी जनसभाएं की।
अखिलेश यादव ने भीषण गर्मी और तपती दोपहरी के बीच चुनावी जनसभाओ में उमड़े जनसमुदाय से इंडिया गठबंधन के समाजवादी पार्टी और कांर्ग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों को ऐतिहासिक वोटों से जिताने की अपील करते हुए कहा कि चार जून के बाद दिल्ली से भाजपा की सरकार हटने जा रही है। इस बार इंडिया गठबंधन के नेताओं और कार्यकतार्ओं ने बहुत मेहनत की है। सभी ने पसीना बहाया है। जनता भाजपा के खिलाफ है। महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से हर वर्ग परेशान है। भाजपा ने किसानों, नौजवानों, व्यापारियों, महिलाओं सभी को धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी इस चुनाव में घबराये हुए हैं। उनकी जुबान लड़खड़ा रही है।

यादव ने कहा कि भाजपा के धोखे, अन्याय, अत्याचार से परेशान जनता का गुस्सा सातवें चरण में सातवें आसमान पर है। पूर्वांचल में भाजपा प्रत्याशियों की जमानतें जब्त होने जा रही है। चार सौ का नारा देने वाले भाजपा के लोग अब नारा देना भूल गए हैं। वे डरे हुए है कि चार सौ सीटे हार जाएंगे। देश की 140 करोड़ जनता भाजपा को 140 सीटों के लिए तरसा देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की हर बात झूठी निकली। हर वादा झूठा निकला। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था लेकिन आय दोगुनी नहीं हुई। खेती की लागत बढ़ने से किसान संकट में पहुंच गया। भाजपा ने बड़े-बड़े उद्योगपतियों का 25 लाख करोड़ का कर्ज माफ कर दिया लेकिन किसानों, गरीबों का न कर्ज माफ किया न कोई मदद की। महंगाई बढ़ाकर कम्पनियों का मुनाफा बढ़ाया। हर तरह से लूट की। लूट और झूठ भाजपा सरकार की पहचान बन गयी है। भाजपा सरकार ने दस साल तक सिर्फ उद्योगपतियों और अपने अमीर दोस्तों के लिए काम किया।

अखिलेश यादव ने कहा कि चार जून को भाजपा सरकार हटेगी। देश में खुशियों के दिन आयेंगे। महंगाई, बेरोजगारी खत्म होगी। भाजपा सरकार हटेगी। दिल्ली में मंत्रिमंडल बदलेगा। भाजपा की भ्रष्ट मित्र मंडली भी बदलेगी। मीडिया वालों के लिए चार जून खुशी का दिन होगा। आजादी का दिन होगा। ये लोग भी खुशी मनाएंगे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव देश के भविष्य का चुनाव है। किसानों, नौजवानों के भविष्य का चुनाव है। यह चुनाव संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है। भाजपा बाबा साहब के संविधान को बदलना चाहती है। संविधान बदलने के लिए ही भाजपा 400 सीट जीतना चाहती है। बाबा साहब के बनाये संविधान से सभी देशवासियों, गरीबों, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों को हक, अधिकार और आरक्षण मिला है। वोट देने का अधिकार मिला है। भाजपा इन्हीं अधिकारों को छीनना चाहती है। इस चुनाव में बाबा साहब के संविधान को बचाने के लिए भाजपा को हटाना जरूरी है। भाजपा हटेगी तभी संविधान और लोकतंत्र बचेगा। आरक्षण और अधिकार बचेगा।

यादव ने इस लोकसभा चुनाव में मऊ में आखिरी चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने जनसभा में आये लोगों के जोश, उत्साह और भारी जनसमर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक जनसमर्थन राजीव राय को रिकार्ड वोटों से जिताएगा। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार किसानों, नौजवानों के साथ बुनकरों की मदद करेगी। बुनकरों के लिए पहले जैसे फ्लैट रेट में बिजली दी जाएगी। बुनकरों को चाहे जितनी सुविधा देना पड़े, देंगे। बुनकरों को अलग से बिजली, पैकेज देकर मदद करेंगे।

अखिलेश यादव ने महाराजगंज और मऊ की चुनावी जनसभाओं में कहा कि प्रधान सेवक इस चुनाव में ‘म’ शब्द के पीछे पड़े रहे। कभी मीट, कभी मच्छी की बात करते-करते मुजरा तक पहुंच गये। प्रधानमंत्री जी घबराये हुए हैं, लड़खड़ाते-लड़खड़ाते महत्मा गांधी तक पहुंच गये। सुना है अब मेडिटेशन में जा रहे है और यह संयोग है कि जहां वे म शब्द के पीछे पड़े है वहीं हमारी आखिरी जनसभा भी महराजगंज और मऊ में हुई है। इस बार महराजगंज और मऊ की जनता, भाजपा की जमानत जब्त करा देगी। इंडिया गठबंधन के समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के प्रत्याशी रिकार्ड वोटों से जीतेंगे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *