भाजपा जिला- महानगर कमेटियों के गठन के लिए हुई रायशुमारी
नये और युवा कार्यकर्ताओं को दिया जायेगा मौका
होली के बाद प्रदेश संगठन को सौंपी जायेगी रिपोर्ट
गाजियाबाद जिला- महानगर से 200 नामों की सूची लेकर लौटे प्रदेश महामंत्री रामप्रसाद चौहान

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी की जिला और महानगर कमेटियों के गठन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जिला- महानगर के प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान रायशुमारी कर वापस जा चुके हैं, लेकिन संगठन के वर्तमान पदाधिकारियों के चेहरों पर होली के मौके पर पसीने की बूंदे छोड़ गये हैं। सूत्र बताते हैं कि जिला और महानगर में भी प्रदेश की तरह बड़ा फेरबदल होगा। बड़े बड़े मठाधीशों की छुट्टी होना निश्चित है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की नियुक्ति के बाद से ही प्रदेश कमेटी के साथ ही जिलों में संगठन को कसने एवं नये पदाधिकारी बनाने पर चर्चा शुरू हो गई। जिस प्रकार भाजपा ने भाजपा के राष्टÑीय एवं प्रदेश अध्यक्ष पदों पर नियुक्ति से कार्यकर्ताओं को चौंकाने वाला काम किया कुछ वैसा ही प्रदेश एवं जिला कमेटियों के गठन में भी नजर आने वाला है।
रविवार को भाजपा के प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान गाजियाबाद स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां पर उन्होंने अलग अलग प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप, सांसद अतुल गर्ग, महापौर सुनीता दयाल, विधायक अजीत पाल त्यागी, नंद किशोर गुर्जर, डा. मंजू शिवाच, धर्मेश तोमर के साथ ही संजीव शर्मा के साथ बैठकर जिला एवं महानगर कमेटियों के लिए उनकी तरफ से नाम मांगे। इतना ही नहीं महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष मानसिंह गौस्वामी, निवृतमान जिलाध्यक्ष सतपाल प्रधान समेत अन्य लोगों से अलग अलग मुलाकात की और उनसे नाम मांगे।
बाक्स
तीन बार लगातार पद पर रह चुके और 50 वर्ष पूर्ण करने वाले होंगे बाहर
भाजपा सूत्रों के अनुसार करीब करीब इस बात पर सैद्धांतिक सहमति बन चुकी है कि लगातार तीन बार जिला अथवा महानगर कमेटियों में पदाधिकारी रह चुके कार्यकर्ताओं के स्थान पर नये और युवा कार्यकर्ताओं को मौका दिया जायेगा। इसके साथ ही 50 वर्ष की उम्र पूर्ण कर चुके कार्यकर्ताओं को भी कमेटी में स्थान नहीं दिया जायेगा। इनके लिए कोई और भूमिका तय की जायेगी।
महिला कार्यकर्ताआें को भी मिलेगा प्रतिनिधित्व
इसके साथ ही यह भी पहली बार होगा कि भाजपा की टीमों में महिला कार्यकर्ताओं को भी महत्व दिया जायेगा। इसमें भी जातीय गणित देखा जायेगा।
- जिला- महानगर से करीब 200 कार्यकर्ताओं की सूची
भाजपा सूत्र बताते हैं कि गाजियाबाद महानगर से एक सौ से अधिक कार्यकर्ताओं के नाम पदाधिकारी के लिए सूचीबद्ध किये गये हैं। इसमें सभी जन प्रतिनिधियों ने अलग अलग नाम दिये हैं। ठीक इसी प्रकार जिले से करीब 80 कार्यकर्ताओं के नाम सूचीबद्ध हुए हैं। अब इन नामों की सूची प्रदेश नेतृत्व को सौंपी जायेगी जिसके बाद प्रदेश संगठन निर्णय लेगा।
