Dainik Athah

अपने 10 वर्ष के शासन में मोदी ने संविधान- आरक्षण को ताकत देने का काम किया: असीम अरुण

  • प्रदेश के समाज कल्याण, अनूसूचित जाति – जन जाति कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने कहा
  • कांग्रेस ने तो संविधान ही बदल दिया था, राहुल गांधी को कांगे्रस और देश के इतिहास को पढ़ना चाहिये
  • सर्वोच्च न्यायालय और जनता ने बचाया कांग्रेस से संविधान को: असीम अरुण

अशोक ओझा
लखनऊ।
इस समय कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन जिस प्रकार आरोप लगा रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा इस बार सत्ता में आये तो संविधान को बदल देंगे को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार में समाज कल्याण, अनूसूचित जाति – जन जाति कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने कांगे्रस और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संविधान एवं आरक्षण को मजबूती देने का काम कर रहे हैं। संविधान को समाप्त करने और बदलने का काम तो कांग्रेस कर चुकी है।

दैनिक अथाह से बात करते हुए असीम अरुण ने कहा कि संविधान और आरक्षण को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ताकत देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सत्यता सबके सामने है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने दस वर्ष के कार्यकाल में आरक्षण की व्यवस्था को आगे बढ़ाया। उन्होंने सामान्य वर्ग को भी दस फीसद आरक्षण दिया। इसके साथ ही संसद एवं विधानसभाओं में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण देकर मातृ शक्ति को मजबूती देने का काम किया है।
प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ने आरक्षण के सिद्धांत को स्वीकारा है, मजबूत किया है और परिस्कृत किया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार कांग्रेस और इंडिया गठबंधन लगातार आरोप लगा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा तीसरी बार सरकार बनने पर आरक्षण को समाप्त कर देंगे एवं संविधान को बदल देंगे यह पूरी तरह गलत है तथा जनता में भ्रम फैलाने का प्रयास है जिसमें इंडी गठबंधन कभी भी सफल नहीं हो सकता।

पुलिस आयुक्त की नौकरी से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर भाजपा में आये और चुनाव जीतकर प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार के राज्यमंत्री बनें असीम अरुण ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि यदि संविधान को किसी ने बदलने का काम किया तो वह कांग्रेस ने 1975 से 77 के बीच किया है। कांग्रेस सरकार ने 42 वां संविधान संशोधन किया था। इसके जरिये वह पूरा संविधान बदलना चाहती थी। लेकिन सर्वोच्च न्यायालय और जनता ने हस्तक्षेप किया तो संविधान बच सका। जनता ने कांग्रेस की सरकार को ही बदलने का काम किया और संविधान की रक्षा करने का काम किया।

असीम अरुण यहीं पर नहीं रूके, उन्होंने कहा कांग्रेस नेता राहुल गांधी मंच पर संविधान को हाथ में लेकर खड़े होते हैं यह हास्यास्पद है। उन्हें भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस और देश का 1975 से 77 तक का इतिहास पढ़ना चाहिये कि संविधान को किसने बदलने का काम किया। उन्होंने एक बार फिर कहा कि संविधान और आरक्षण को किसी ने ताकत देने का काम किया है तो वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा ने। इंडी गठबंधन जिस प्रकार संविधान के मुद्दे पर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं वह गलत है तथा जनता इसका जवाब भी इस चुनाव में उन्हें दे रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *