Dainik Athah

दूसरी सूची से पहले बसपा सांसद संगीता आजाद बीजेपी में शामिल

सभी दल एक दूसरे को पटखनी देने के लिए रणनीति बनाने में जुटे

संगीता आजाद ने पिछली बार भाजपा की नीलम सोनकर को हराकर सांसद बनी थीं


अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
लोकसभा चुनाव का रण शुरू हो चुका है। सभी दल एक दूसरे को पटखनी देने के लिए रणनीति बनाने में जुटे हैं। इसी रणनीति के तरह दूसरे दलों के कद्दावर नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कराने का दौर चल रहा है। सोमवार को एक तरफ भाजपा की दूसरी सूची पर मंथन हो रहा है और जारी होने की संभावना है। दूसरी तरफ आजमगढ़ की लालगंज सीट से बसपा सांसद संगीता आजाद को भाजपा में शामिल कर लिया गया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या लालगंज से संगीता आजाद का टिकट फाइनल हो गया है। इससे पहले संगीता आजाद ने पीएम मोदी से भी मुलाकात की थी। उसके बाद से ही संगीता आजाद के भाजपा में शामिल होने की अटकलें लग रही थीं।
आजमगढ़ के लालगंज से बहुजन समाज पार्टी की सांसद संगीता आजाद, बसपा पूर्व विधायक आजाद अरी मर्दन एवं सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता सीमा कुशवाहा ने केंद्रीय कार्यालय में राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, उत्तर प्रदेश उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उत्तरप्रदेश भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी संजय मयूख की गरिमामयी उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
संगीता आजाद के भाजपा की सूची जारी होने से ठीक पहले बीजेपी में शामिल होने से लालगंज से उनके टिकट की अटकलें लग रही हैं। भाजपा ने अभी तक लालगंज से किसी को प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। संगीता आजाद ने पिछली बार भाजपा की नीलम सोनकर को हराकर सांसद बनी थीं। उनके पति आजाद अरिमर्दन भी विधायक रह चुके हैं। विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद से ही बसपा के पूर्व विधायक व उनकी सांसद पत्नी संगीता आजाद ने अपने वाहन से बसपा का झंडा उतार लिया था।
वरिष्ठ अधिवक्ता सीमा कुशवाहा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा एवं अमित शाह सहित एवं मंचासीन सभी नेतागण का आभार व्यक्त किया। कुशवाहा ने कहा कि उन्हें खुशी है कि वे पूरे विश्व को एक कुटुंब मानने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के परिवार का हिस्सा बनी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चलाई जा रही जनकल्याण नीतियों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही मती सीमा कुशवाहा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के मार्गदर्शन में विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *