Dainik Athah

पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह पंचतत्व में विलीन

– कल्याण सिंह के सांसद पुत्र राजवीर सिंह राजू भैया ने दी मुखाग्नि
– रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य, दिनेश शर्मा रहे मौजूद
– राजनाथ सिंह, योगी आदित्यनाथ, स्वतंत्र देव सिंह, केशव मौर्य ने दी आहुति
– नरौरा के गंगा घाट पर लाखों लोग पहुंचे अपने प्रिय नेता को अंतिम विदाई देने

अथाह संवाददाता
अलीगढ़/ नरौरा। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजस्थान व हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह का सोमवार दोपहर को बुलंदशहर जिले के नरौरा में गंगा किनारे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके सांसद पुत्र राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया ने उन्हें मुखाग्नि दी। उन्हें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आहुति दी।


कल्याण सिंह के अंतिम संस्कार में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, अजय भट्ट, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, उमा भारती समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे।
सोमवार को दोपहर बाद उनकी शव यात्रा अतरौली के गांव मंढौली से नरौरा के लिए रवाना हुई। करीब तीन बजे शव वाहन नरौरा के बच्चा पार्क पहुंचा। जहां स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहुंच कर अंतिम संस्कार से पूर्व व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अफसरों को निर्देश दिये। पौने चार बजे पूर्व मुख्यमंत्री को राजकीय सम्मान के साथ सलामी दी गई। इसके बाद कल्याण सिंह के पुत्र एवं एटा सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया ने उन्हें मुखाग्रि दी। इस दौरान वहां मौजूद परिजनों, विभिन्न नेताओं और अन्य लोगों की आंखें भी अपने जननेता को विदाई देते वक्त नम नजर आईं।


इससे पहले अतरौली पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह ने पत्रकारों से कहा कि जिस दिन राम मंदिर का शिलान्यास हुआ था, उसी दिन मेरी कल्याण सिंह से बात हुई थी। उन्होंने कहा था कि मेरे जीवन का लक्ष्य पूरा हो गया। उनका पूरा जीवन यूपी के विकास व गरीबों के लिए समर्पित रहा। देश को बेहतर गति एवं दिशा दी। प्रदेश का विकास किया। उन्होंने अपने कार्यों की गहरी छाप छोड़ी है। बाबूजी के जाने से भाजपा में जो रिक्तता आई है, उसकी लंबे समय तक भरपाई नहीं हो सकती।


– भाजपा के राष्टÑीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह पहुंचे अतरौली
इससे पूर्व अतरौली में गृह मंत्री अमित शाह के साथ ही भाजपा के राष्टÑीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह समेत अनेक नेता अतरौली पहुंचे जहां उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किये।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कल्याण सिंह मेरे नेता, बड़े भाई एवं मित्र भी थे। जब कल्याण सिंह मुख्यमंत्री थे उस समय वे शिक्षा मंत्री थे। उन्होंने नकल विरोधी अध्यादेश तैयार किया था। लेकिन कैबिनेट की तीन बैठकों में भी पास नहीं हुआ। तब उन्होंने मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से बात की। इसके अगले ही दिन कैबिनट बैठक हुई जिसमें कल्याण सिंह ने एजेंडे के बीच से नकल विरोधी अध्यादेश निकाला एवं कहा कि इसके ऊपर कोई चर्चा नहीं होगी। इसके साथ ही अध्यादेश पास हो गया। उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि जब कल्याण सिंह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे उस समय वे भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष थे। जब वे मुख्यमंत्री थे तब उनके साथ शिक्षा मंत्री एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का दायित्व संभाला।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अलीगढ़ में कहा कि कल्याण सिंह एक व्यक्ति नहीं, एक संस्था और आंदोलन थे। अयोध्या में भगवान राम की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण उनका संकल्प था और ये संकल्प उनके बिना पूरा नहीं हो सकता था।


– अंतिम संस्कार में उमड़ा जन सैलाब, भीड़ के मद्देनजर प्रशासन- पुलिस ने किये थे विशेष प्रबंध
कल्याण सिंह के अंतिम संस्कार में जन सैलाब उमड़ पड़ा था। जनसैलाब को देखते हुए अंतिम संस्कार के लिए घाट पर प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जिन-जिन जगहों से होकर अंतिम यात्रा गुजरी, वहां भी कदम-कदम पर प्रशासन मुस्तैद रहा।


– गाजियाबाद- नोएडा- हापुड़ के अधिकारियों की भी लगी थी नरौरा ड्यूटी
नरौरा में अंतिम संस्कार एवं साथ ही भारी भीड़ उमड़ने के मद्देनजर जहां बुलंदशहर जिले के सभी अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, वहीं आसपास के जिलों हापुड़, गाजियाबाद एवं गौतमबुद्धनगर जिले के अफसरों की ड्यूटी भी नरौरा लगाई गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *