
अथाह व्यूरो,
गाजियाबाद। छठ पर्व की तैयारियों के मद्देनजर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष एवं सचिव ने संबंधित अधिशासी अभियंता और अधिकारियों की टीम के साथ कोयल एन्क्लेव योजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छठ घाटों, स्वच्छता, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।कोयल एन्क्लेव योजना में छठ पूजा हेतु कुल चार छठ घाट विकसित किए गए हैं।
घाटों के आसपास साफ-सफाई, स्वच्छता, ड्रेनेज और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को पूजा के समय कोई असुविधा न हो।महिलाओं की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए अस्थायी चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा एवं निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि सुगम आवागमन और सुव्यवस्थित आयोजन हेतु अन्य जनोपयोगी व्यवस्थाएँ भी की गई हैं।उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

घाटों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई, पर्याप्त प्रकाश, जल निकासी तथा अन्य आवश्यक सुविधाएँ सुचारु रूप से उपलब्ध रखी जाएँ।प्राधिकरण के अनुसार, घाटों पर श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम और अस्थायी शौचालय की व्यवस्था की जा रही है। रात में पूजा के लिए आकर्षक लाइटिंग और सुरक्षा के लिए टीम भी तैनात रहेगी।इसी दौरान कोयल एन्क्लेव में निर्माणाधीन रामायण थीम पार्क के कार्यों की प्रगति का भी निरीक्षण किया गया।

उपाध्यक्ष ने अधिशासी अभियंता और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि पार्क का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए तथा नियमित मॉनिटरिंग से अनावश्यक विलंब न होने दिया जाए।रामायण थीम पार्क कोयल एन्क्लेव, लोनी भोपुरा रोड पर लगभग 22,700 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित हो रहा है। पार्क में 5डी मोशन थिएटर, शीशा घर, होलोग्राफिक प्रोजेक्शन और लाइट-एंड-साउंड शो जैसी सुविधाएँ शामिल करने की योजना है।जनसुविधा और सांस्कृतिक विकास पर फोकसजीडीए ने कहा कि छठ पर्व हेतु नागरिक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के साथ-साथ रामायण थीम पार्क जैसी जनोपयोगी एवं सांस्कृतिक परियोजना को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने का कार्य जारी है। प्राधिकरण का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण देना और क्षेत्र में सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देना है।
