Dainik Athah

कल्याण सिंह ‘बाबूजी’ की विदाई को योगी ने बना दिया ऐतिहासिक

– भारतीय जनता पार्टी के साथ ही सरकार ने नहीं दी होगी किसी को ऐसी विदाई
– अटलजी की अंतिम यात्रा को मोदी ने बनाया था ऐतिहासिक
– मोदी के नक्शे कदम पर चलते हुए पूरी व्यवस्था की मौके पर रह कर सतत निगरानी करते रहे मुख्यमंत्री योगी
– प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री, गृह मंत्री, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा मप्र के मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री केशव मोर्या समेत प्रदेश के दर्जनों मंत्रियों के साथ ही बड़ी संख्या में विधायक भी जुटे
– पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ ही बृज प्रदेश के भाजपा पदाधिकारी- विधायक भी नरौरा पहुंचे

अथाह ब्यूरो
लखनऊ/अलीगढ़/ नरौरा। भारतीय जनता पार्टी के साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार ने शायद ही किसी को ऐसी अंतिम विदाई दी जैसी बाबू जी (कल्याण सिंह)को। इसमें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को अंतिम विदाई को छोड़ दीजिये जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, तत्कालीन गृह मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पैदल ही शव वाहन के आगे कई किमी तक चले थे।
उत्तर प्रदेश में यह पहली बार देखने को मिला जब खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राजस्थान एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह की अंतिम यात्रा की पूरी कमान अपने हाथ में ली हुई हो। शनिवार की रात सवा नौ बजे जब कल्याण सिंह ने लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई में अंतिम सांस ली तो खबर कुछ ही क्षणों में मुख्यमंत्री तक पहुंचा दी गई। इसके बाद वे बगैर देरी किये सीधे संजय गांधी पीजीआई पहुंचे। अस्पताल पहुंचने के साथ ही अंतिम यात्रा की पूरी व्यवस्था उन्होंने अपने हाथ में ले ली। वे खुद शव के साथ उनके निवास पर पहुंचे। इतना ही नहीं लखनऊ से लेकर अलीगढ़, अतरौली एवं नरौरा तक जहां मुख्यमंत्री खुद शव वाहन के आगे एवं पीछे चलते रहे, वहीं तीनों ही स्थानों पर व्यवस्था के लिए भी निर्देश देते देखे गये। उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलते रहे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव भी मौजूद रहे।
जिस प्रकार मुख्यमंत्री ने खुद ही सभी व्यवस्थाएं अपने हाथों में ली हुई थी। वे साये की तरह बाबूजी के शव के साथ रहे वह भी अंतिम संस्कार पूर्ण होने तक।


– प्रधानमंत्री से लेकर आम कार्यकर्ता तक जुटे लखनऊ में
कल्याण सिंह को अंतिम विदाई देने के लिए प्रधानमंत्री स्वयं लखनऊ पहुंचे। उनके साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत संघ एवं भाजपा के आला पदाधिकारी एवं प्रदेश सरकार के मंत्री भी लखनऊ पहुंचे।


– अतरौली में रक्षा मंत्री- गृह मंत्री, मप्र के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह भी पहुंचे
सोमवार को जब कल्याण सिंह का शव उनके पैतृक गांव अतरौली पहुंचा तब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह पहुंचे तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।


– नरौरा पहुंचे रक्षा मंत्री- मुख्यमंत्री
कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर जब जब अंतिम संस्कार के लिए बुलंदशहर जिले के नरौरा में गंगा घाट पर पहुंचा उस समय भी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत करीब पूरा मंत्रिमंडल, भाजपा के अधिकांश विधायक, पश्चिम एवं बृज क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों के साथ ही लाखों की संख्या में कल्याण सिंह के समर्थक पहुंचे थे।


– मुख्यमंत्री योगी ने पेश की मिसाल
कल्याण सिंह के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आधा दर्जन से अधिक बार उनका हालचाल लेने के लिए संजय गांधी पीजीआई पहुंचे थे। इसके साथ ही जिस प्रकार वे कल्याण सिंह के शव के साथ इस प्रकार हर समय रहे जैसे परिवार का मुखिया। यह सभी कुछ उन्हें औरों से अलग बनाती है। अटलजी की अंतिम यात्रा में जिस प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे रहे ठीक उसी प्रकार योगी आदित्यनाथ ने पूरी व्यवस्था को संभाला हुआ था।


– तीनों स्थानों पर रहे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के कल्याण सिंह के साथ मित्र, बड़े भाई जैसे संबंध रहे हैं। वे अपने प्रिय को श्रद्धांजलि देने के लिए लखनऊ के साथ ही अतरौली एवं बाद में अंतिम संस्कार के समय बुलंदशहर के नरौरा भी पहुंचे। इसके साथ ही गृह मंत्री अतरौली पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *