Dainik Athah

दिल्ली के सिंहासन ही नहीं भारत की समृद्धि का रास्ता भी यूपी से होकर गुजरता है: राधा मोहन सिंह

– भाजपा की साहिबाबाद विधानसभा की योजना बैठक का आयोजन
– यूपी को सिर्फ राजनीति का केंद्र बनाये रखा गया
– यूपी को नहीं कुछ लोगों ने खुद को व परिवार को समृद्ध किया

अथाह संवाददाता
साहिबाबाद। भारतीय जनता पार्टी के राष्टÑीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने कहा कि दिल्ली के सिंहासन ही नहीं, भारत की समृद्धि का रास्ता भी उत्तर प्रदेश से होकर जाता है। उन्होंने कहा कि यूपी को नहीं कुछ लोगों ने खुद एवं परिवार को समृद्ध किया।
राधा मोहन सिंह गुरुवार को साहिबाबाद विधानसभा में विधानसभा योजना बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बीते दशकों में उत्तर प्रदेश की हमेशा क्या पहचान बनी क्या उल्लेख होता था उत्तर प्रदेश का आपको याद होगा। उत्तर प्रदेश को हमेशा राजनीतिक के चश्मे से देखा गया है। यूपी देश के विकास में भी अग्रणी भूमिका निभा सकता है। इसकी चर्चा तक ही नहीं होने दी गई। उन्होंने कहा दिल्ली के सिंहासन का रास्ता यूपी से होकर गुजरता है। इसका सपना देखने वाले तो बहुत लोग आए और गए। लेकिन ऐसे लोगों ने कभी यह याद नहीं रखा कि भारत के समृद्धि का रास्ता भी यूपी से होकर ही गुजरता है। इन लोगों ने उत्तर प्रदेश को सिर्फ राजनीति का ही केंद्र बनाए रखा।


भाजपा के राष्टÑीय उपाध्यक्ष ने कहा किसी ने वंशवाद के लिए किसी ने अपने परिवार के लिए किसी ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए यूपी का सर्फ इस्तेमाल किया। इन लोगों की संकीर्ण राजनीति में भारत के इतने बड़े राज्य को भारत की अधिक प्रगति से जोड़ा ही नहीं गया। कुछ लोग जरूर सम्मिलित हुए, कुछ परिवार जरूर आगे बढ़े। इन लोगों ने यूपी को नहीं बल्कि खुद को समृद्ध किया। उन्होंने कहा मुझे खुशी है कि आज उत्तर प्रदेश ऐसे लोगों के कुचक्र से बाहर निकल कर आगे बढ़ रहा है। डबल इंजन की सरकार ने यूपी के स्वार्थ को संकुचित नजरिए से देखने का तरीका बदल डाला है। यूपी भारत के ग्रोथ इंजन का पावर हाउस बन सकता है यह आत्मविश्वास बीते सालों में पैदा हुआ है। यूपी के इतिहास में पहली बार सामान्य युवाओं के सपनों की बात हो रही है। यूपी के इतिहास में पहली बार अपराधियों में भय का माहौल पैदा हुआ है। यूपी के इतिहास में पहली बार गरीबों को सताने वालों, कमजोर वर्गों को डराने, धमकाने और अवैध कब्जा करने वालों के मन में डर पैदा हुआ है।
राधा मोहन सिंह ने कहा इस व्यवस्था को भ्रष्टाचार, भाई भतीजावाद की लत लग गई थी उसमें सामर्थ बदलाव की शुरूआत हुई है।आज यूपी में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जनता के हिस्से का एक-एक पैसा सीधे जनता के खातों में पहुंचे। जनता को लाभ होगा। यूपी निवेश का केंद्र बन रहा है, बड़ी-बड़ी कंपनियां आज यूपी आने के लिए लालायित हो रही हैं। यूपी में इंफ्रास्ट्रक्चर के मेगा प्रोजेक्ट्स बन रहे हैं, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बन रहे हैं, रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी लज्जा रानी गर्ग, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, विधायक सुनील शर्मा, महामंत्री पप्पू पहलवान, राजेश त्यागी, गोपाल अग्रवाल, संजीव झा, चमन चौहान, धीरज अग्रवाल, दीपक राघव आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *