Dainik Athah

पुरानी परंपरा से हटकर कुछ नया करना होगा कार्यकर्ताओं को

– विधानसभा प्रभारियों को हर मंडल में देना होगा प्रशिक्षण
– भाजपा ने सेक्टर का नाम बदलकर किया शक्ति केंद्र
– पन्ना प्रभारी पार्टी कार्यकर्ता अथवा समर्थक ही बन सकेंगे

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के जिन कार्यकर्ताओं में कुछ नया प्रयोग करने का माद्दा होगा, वो कार्यकर्त्ता भविष्य में आगे बढ़ सकेंगे। उन्हें पुराना ढर्रा छोड़ना होगा। यह बात भाजपा के राष्टÑीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने कार्यकर्ताओं से कही।
साहिबाबाद विधानसभा की योजना बैठक करने आये राधा मोहन सिंह ने जो बातें कहीं, कुछ ऐसा ही पिछले दिनों क्षेत्रीय बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने भी कही थी। इसका सीधा अर्थ है कि जो कार्यकर्ता नया प्रयोग करेंगे तथा वह प्रयोग बड़े नेताओं को पसंद आ गया तो निश्चित ही उस कार्यकर्ता के आगे बढ़ने का रास्ता खुल जायेगा। कार्यकर्ता को यह प्रयोग करना होगा नये लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए। संगठन चाहता है कि नये लोगों को अधिक से अधिक संख्या में पार्टी से जोड़ा जाये। संगठन का यह भी मानना है कि पुराने प्रयोग एवं ढर्रे पर चलकर सफल नहीं हुआ जा सकता।


इसके साथ ही भाजपा ने संगठन को स्पष्ट कर दिया है कि पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी पार्टी के कार्यकर्ता को ही दी जायेगी। जहां पार्टी का कार्यकर्ता न हो वहां पर समर्थक की तलाश कर उसे पन्ना प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी जाये। इससे समर्थक भी पार्टी के कार्यकर्ता की भूमिका में आ जायेगा। इसके साथ ही पार्टी ने अब सेक्टर का नाम परिवर्तन कर इसे शक्ति केंद्र नाम दिया है। भविष्य में सेक्टर के स्थान पर शक्ति केंद्र नाम का ही प्रयोग किया जायेगा। इसके साथ ही सेक्टर प्रभारी भी शक्ति केंद्र प्रभारी होंगे।
भाजपा ने विधानसभा प्रभारियों का काम भी बढ़ा दिया है। प्रभारियों को अब मंडलों में जाकर प्रवास करना होगा। इसके साथ ही उन्हें हर मंडल में जाकर प्रशिक्षण देना होगा। योजना बैठकों में भी मुख्य रूप से मुख्य अतिथि प्रशिक्षण देने के लिए ही आ रहे हैं। इनको प्रशिक्षण देने का कार्य पूर्व में ही राष्टÑीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने दिया। उसी क्रम को अब विधानसभा योजना बैठकों में आगे बढ़ाने का काम हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *