Dainik Athah

जनता की समस्याओं के समाधान में उसकी रूचि नहीं: अखिलेश

भाजपा सरकार का चरित्र जन विरोधी

अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार का चरित्र जनविरोधी है। जनता की समस्याओं और चुनौतियों के समाधान में उसकी कोई रुचि नहीं है। राजनैतिक षड़यंत्रों से संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने में ही भाजपा दिन-रात लगी रहती है। भाजपा राजनीति का व्यापार करती है। महंगाई, बेरोजगारी, किसान समस्या, महिला उत्पीड़न, अपराध से जनता बुरी तरह त्रस्त है। बावजूद इसके भाजपा का झूठा प्रचार अभियान जारी है। जिनके राज में नौकरी के लिए युवाओं को हाथ जोड़ना पड़े, उनसे जनता अब हाथ जोड़ लेगी।

उन्होंने कहा भाजपा की केन्द्र और राज्य सरकार ने जनता का भरोसा तोड़ दिया है। सत्ता में आने के बाद से सिर्फ भ्रामक वायदों के सपनें दिखाये जा रहे हैं। किसानों की आय दुगना करने का झूठ फैलाने वाली भाजपा सरकार में मंहगाई और बेरोजगारी ने आमजन की कमर तोड़ दी। उत्तर प्रदेश सरकार तो हर मोर्चे पर फेल है। जनता की गाढ़ी कमाई को विज्ञापनों के माध्यम से भाजपा अपनी छवि चमकाने में खर्च कर रही है। उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश के विकास को भाजपा ने अवरूद्ध कर दिया है। ध्वस्त कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार के कारण जनता बेहाल है। मुख्यमंत्री सिर्फ घोषणाएं कर रहे हैं। जमीन पर उसका कोई अमल नहीं हो रहा है। सरकार की नीतियां बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने तक ही सिमट गयी है। गरीबों का कल्याण सरकार के एजेंडें से बाहर है।

अखिलेश यादव ने कहा कि जनता समाजवादी सरकार में हुए विकास कार्यों को याद कर रही है। उत्तर प्रदेश में प्रगति और समृद्धि के लिए जो परियोजनाएं शुरू हुई थी, भाजपा उन पर कुंडली मारे बैठी है। इतना ही नहीं कल्याणकारी नीतियों का बस्ता ही गायब कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के पिछड़ेपन की जवाबदेह मौजूदा सरकार है। जनता को दु:खी करने वाली भाजपा की विदाई करने के लिए लोगों ने कमर कस ली है। 2022 में यह बदलाव सौ फीसदी सुनिश्चित है। राज्य की जनता का पक्का भरोसा समाजवादी सरकार पर है जिससे उनके साथ न्याय होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *