Dainik Athah

जन प्रतिनिधियों ने रखी अपने- अपने क्षेत्र की समस्याएं

– शिलान्यास से पूर्व नगर विकास मंत्री ने की नगर- निगम व जल निगम की समीक्षा
– नगर आयुक्त ने दिया नगर निगम के कार्यों का ब्यौरा

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन के समक्ष जहां विधायकों ने अपने- अपने क्षेत्र की समस्याएं रखी तथा उनसे अनेक मांग की, वहीं नगर आयुक्त ने नगर निगम के कार्यों का ब्यौरा दिया।
बुधवार को गाजियाबाद पहुंचे नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन के समक्ष विधायक सुनील शर्मा ने ब्रज विहार, भौपुरा चौराहा, सौर ऊर्जा मार्ग पर जल भराव का मुद्दा रखा। बैठक में मौजूद नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने लोनी को नगर निगम बनाने, मोदीनगर विधायक डा. मंजू शिवाच ने शमशान घाट का निर्माण पूरा कराने के लिए नगर पालिका को अनुमति देने, मोदीनगर में जल निगम के कार्य जल्द पूर्ण कराने तथा निर्माण कार्य में लगे ठेकेदारों के कार्य की समीक्षा करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने निर्माण कार्यों के एस्टीमेट साइन न होने का मुद्दा भी उठाया। बैठक में राज्यमंत्री अतुल गर्ग, विधायक अजीत पाल त्यागी, जिलाध्यक्ष भाजपा दिनेश सिंघल, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा भी मौजूद थे।


समीक्षा बैठक में गाजियाबाद नगर निगम के अधिकारियों की तरफ से नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तवर ने नगर विकास मंत्री एवं विधायकों के समक्ष गाजियाबाद वासियों के हित में किए जा रहे निर्माण कार्यों एवं विकास कार्यों को विस्तार से रखा। जिसमें प्रमुख रुप से गाजियाबाद नगर निगम द्वारा जारी किए गए मुंसिपल ग्रीन बोंड का विवरण, लगभग 50 हेक्टेयर भूमि को भू माफियाओं से कब्जा मुक्त कराने, गाजियाबाद शहर को प्लास्टिक टूरिज्म के रूप में विकसित करने, 46 तालाबों के जीर्णोद्धार, शहर के 87 स्कूलों का जीर्णोद्धार कर डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं स्मार्ट क्लासों की सुविधाओं, शहर को सौपे गए 57 आधुनिक टॉयलेट तथा पिंक टॉयलेट, क्षेत्रवासियों को शुद्ध पर्यावरण उपलब्ध कराने की दृष्टि से मियावकी पद्धति से वृक्षारोपण, शॉपिंग कमर्शियल कंपलेक्स के निर्माण, जन शिकायतों का त्वरित निस्तारण हेतु कंट्रोल रूम की स्थापना, गार्बेज फैक्ट्री गीला व सूखे कूड़े को रीसायकल कर जैविक खाद तैयार करने, डस्ट फ्री गाजियाबाद अभियान चलाकर धूल मुक्त शहर तथा एकत्रित धूल से इंटरलॉकिंग टाइल बनाने, शहर के पार्कों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने का विवरण प्रस्तुत किया।
इसके साथ ही शहर से कचरे के रूप में एकत्र वेस्ट प्लास्टिक से शहर के लिए आवश्यक वस्तुओं के निर्माण,वाहनों को सुव्यवस्थित रूप से खड़ा करने के लिए मल्टी लेवल पार्किंग निर्माण का विवरण दिया गया। महापौर आशा शर्मा ने गाजियाबाद नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों में पार्षदों का विशेष सहयोग बताते हुए शहर विकास में किए जा रहे कार्यों से अवगत कराया।
केंद्रीय मंत्री जनरल (डॉ) वीके सिंह संसद का मानसून सत्र होने की वजह से जल निगम गेस्ट हाउस में आशुतोष टंडन से भेंट कर दिल्ली लौट गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *