Dainik Athah

कल बागपत जायेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

– किसान आंदोलन के चलते देर रात निर्धारित होगा मिनिट टू मिनिट कार्यक्रम
– बागपत पुलिस- प्रशासन ने तैयारियां शुरू की

अथाह ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को बागपत के दौरे पर रहेंगे। उनके कार्यक्रम के मद्देनजर गाजियाबाद से लेकर बागपत तक पुलिस- प्रशासन तैयारियों में जुट गये हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जारी नहीं हुआ था। कार्यक्रम देर रात जारी होने की उम्मीद है।
बता दें कि मुख्यमंत्री दो दिन के लिए दिल्ली में है। वे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा बुलाई गई भाजपा सांसदों की बैठक में शामिल होने आये हैं। बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह एवं संगठन महामंत्री सुनील बंसल भी मौजूद है। उत्तर प्रदेश में 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए बुलाई गई इस बैठक में बुधवार को पश्चिम समेत तीन क्षेत्रों की बैठक हो रही है। इसके बाद गुरुवार को भी शेष तीन क्षेत्रों के सांसदों की बैठक होगी। बैठकों का समय शाम करीब आठ बजे का है। गुरुवार की बैठक से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सांसद डा. सत्यपाल सिंह के आमंत्रण पर जायेंगे।


सूत्रों के अनुसार किसान आंदोलन एवं बागपत जिले में संघ कार्यकर्ता के पुत्र द्वारा पुलिस उत्पीड़न के कारण खुदकशी के मुद्दे को देखते हुए खबर लिखे जाने तक उनका कार्यक्रम निर्धारित नहीं किया गया था। सूत्रों ने बताया कि रात दस बजे के बाद ही कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जायेगा। इतना तय है कि मुख्यमंत्री गुरूवार को बागपत अवश्य जायेंगे। बागपत सांसद डा. सत्यपाल सिंह के प्रतिनिधि विनोद गौस्वामी ने बताया कि देर रात कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *