Dainik Athah

योगी ने दिल्ली में रोहिंग्याओं के कब्जे से मुक्त करायी 97 करोड़ की जमीन

– दिल्ली के मदनपुर खादर गांव में था 2.1080 हेक्टेयर जमीन पर कब्जा
– सिंचाई विभाग, दिल्ली पुलिस व सिविल डिफेंस ने की संयुक्त कार्रवाई

अथाह ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर दिल्ली के मदनपुर खादर गांव में रोहिंग्या मुसलमानों के अवैध कब्जे से उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की 2.1080 हेक्टेयर जमीन को गुरुवार को बुलडोजर लगाकर मुक्त करा लिया गया। इस जमीन का खसरा नंबर 612 है।


सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग उत्तर प्रदेश की कुल 1007.0012 हेक्टेयर जमीन दिल्ली राज्य में है। इसमें से 20.7054 हेक्टेयर भूमि जो दिल्ली राज्य के ओखला, जसौला, मदनपुर जैतपुर, आली, सैदाबाद, मोलरबन्ध और खुरेजी खास गांव में है उस पर स्थानीय व्यक्तियों और संस्थाओं द्वारा अवैध कब्जा किया गया है। इन पर पक्का मकान, दुकान, हॉस्टल, सड़क, टीनशेड तथा झुग्गी- झोपड़ी आदि के रूप में निर्माण कर लिया गया है।


इसमें से मदनपुर खादर गांव में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की खसरा नंबर 612 पर स्थित 2.1080 हेक्टेयर जमीन जिसकी कीमत तकरीबन 97 करोड़ है, पर रोहिंग्या मुसलमानों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया था। इस भूमि से सटी जकात फाउंडेशन की भूमि पर रोहिंग्या मुसलमानों की बस्ती पूर्व से बसी हुई है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सिंचाई एवं जलशक्ति मंत्री उप्र डा. महेंद्र सिंह के नेतृत्व में सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा दिल्ली प्रशासन के अधिकारियों के साथ 20 जुलाई 2021 को बैठक की गई।


बैठक में लिये गए निर्णय के क्रम में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिकारियों- कर्मचारियों, दिल्ली पुलिस और सिविल डिफेंस के स्वयं सेवकों की सहायता से उपरोक्त जमीन को बुलडोजर लगाकर खाली करा लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *