Dainik Athah

भोजपुर, लोनी, मुरादनगर से रजापुर से दो- दो प्रत्याशियों ने दाखिल किये नामांकन

– जिले के चारों ब्लाकों में रोचक हो सकता है ब्लाक प्रमुख चुनाव
– भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दाखिल किये गये नामांकन
– मुरादनगर में बसपा से निष्कासित केडी त्यागी की पत्नी से भाजपा का मुकाबला, भोजपुर में भाजपा- रालोद तो लोनी में भाजपा प्रत्याशी का मुकाबला अपने ही बागी से

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद जिले के चारों ब्लाकों में मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है। सभी ब्लाकों में दो- दो प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किये। कहीं पर भाजपा का भाजपा से, कहीं भाजपा का बसपा से निष्कासित नेता की पत्नी से तो कहीं पर भाजपा का मुकाबला रालोद से होगा।
भोजपुर ब्लाक में गुरुवार को भोजपुर ब्लाक में भाजपा प्रत्याशी सुचेता सिंह पत्नी आशीष चौधरी ने सहायक रिटर्निंग आफिसर उमाकांत तिवारी को नामांकन पत्र सौंपा। उनके साथ जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, विधायक डा. मंजू शिवाच, पूर्व ब्लाक प्रमुख कृष्णवीर चौधरी, भाजपा के वरिष्ठ नेता डा. देवेंद्र शिवाच, सुदेश शर्मा, डा. पवन सिंघल, जितेंद्र चितौड़ा, अमित चौधरी समेत अन्य लोग उपस्थित थे। इसी सीट से रालोद से प्रियंका पत्नी अजय ने भी नामांकन दाखिल किया। उनके साथ पूर्व विधायक सुदेश शर्मा, रजनी जाटव, विनोद प्रधान समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
मुरादनगर ब्लाक से भाजपा प्रत्याशी राजीव त्यागी ने नामांकन दाखिल किया। उनके साथ भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी एवं सुनील शर्मा समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। इसी सीट से बसपा से निष्कासित केडी त्यागी की पत्नी साधना त्यागी ने भी नामांकन किया। उनके साथ केडी त्यागी समेत अन्य लोग उपस्थित थे।


रजापुर ब्लाक से भाजपा नेता राहुल चौधरी डैनी की पत्नी मीनू मीना चौधरी ने नामांकन दाखिल किया। उनके साथ विधायक अजीत पाल त्यागी, भाजपा जिला प्रभारी सत्येंद्र शिशौदिया, राहुल चौधरी डैनी समेत अन्य लोग मौजूद थे। यहीं पर नरेंद्र यादव ने भी निर्दलीय नामांकन दाखिल किया।
लोनी ब्लाक जिले में भोजपुर के बाद सबसे हॉट सीट रही। यहां पर सबसे पहले भाजपा के बागी मनीष कसाना की पत्नी रेणु ने नामांकन दाखिल किया। इसके बाद भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर के भतीजे कोमल की पत्नी वंदना ने नामांकन दाखिल किया। इनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, विधायक नंद किशोर गुर्जर समेत अन्य लोग थे। रेणु कसाना ने आरोप लगाया कि विपक्षी पुलिस- प्रशासन एवं जीडीए के माध्यम से लगातार धमकी दिलवा रहे हैं। इसके साथ ही बैंक्वेंट हॉल को ढहाने की धमकी दी जा रही है। लेकिन जीत उनकी ही होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *