Dainik Athah

ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए भाजपा में जबरदस्त जोड़ तोड़

– आज किसी भी समय घोषित हो सकते हैं भाजपा प्रत्याशी
– सभी ब्लाकों में चल रही है भाजपा के टिकट के लिए मारामारी
– बसपा से निष्काशित भी भाजपा की चौखट पर

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
दस जुलाई को होने वाले ब्लाक प्रमुख चुनावों के लिए एक तरफ प्रशासन ने जहां सभी तैयारियां पूरी कर ली है, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी देर रात तक भी प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप नहीं दे सकी है। सूची के देर रात अथवा बुधवार की सुबह तक घोषित होने की संभावना है। भाजपा जिलाध्यक्ष ही पार्टी प्रत्याशियों को इसकी सूचना देंगे। जिले के चारों ब्लाक में टिकट के लिए भाजपा में जोरदार रस्साकस्सी चल रही है। इसके साथ ही बसपा से निष्काशित बीडीसी सदस्य भी टिकट के लिए भाजपा का दरवाजा लगातार खटखटा रहे हैं। बता दें कि भाजपा में प्रदेश में सत्तारूढ़ होने के कारण इसी पार्टी में ही टिकट के लिए मारामारी मची है। भोजपुर ब्लाक में पार्टी के पुराने कार्यकर्ता विनोद वैशाली की पत्नी सुधा एवं भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिलाध्यक्ष आशीष चौधरी की पत्नी सुचेता सिंह में जोर आजमाइश है। यहां पर सुधा के साथ लगभग पूरी भाजपा है तो सुचेता सिंह को साथ विधायक डा. मंजू शिवाच का खुला समर्थन है। मुरादनगर ब्लाक में प्रमुख के लिए सूत्रों के अनुसार राजीव त्यागी का नाम तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां पर संजीव त्यागी भी टिकट मांग रहे हैं। इसके साथ ही बसपा से निष्कासित केडी त्यागी आखिरी क्षण तक भाजपा में प्रवेश का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन अब उनके भाजपा में शामिल होने की संभावना क्षीण दिखाई दे रही है। यहां पर राजीव त्यागी का टिकट होने की उम्मीद है। रजापुर ब्लाक में राहुल चौधरी डैनी की पत्नी मीनू मोनिका दौड़ में सबसे आगे है। हालांकि यहां पर सपा के पूर्व प्रमुख भी भाजपा में शामिल होने के लिए चार बार के पूर्व सांसद के माध्यम से प्रयासरत थे। लेकिन उनका प्रयास सफल होता नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में टिकट करीब करीब तय माना जा रहा है। लोनी ब्लाक में भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर के भतीजे कोमल की पत्नी वंदना एवं विद्यार्थी परिषद के माध्यम से संघ से जुड़े रहे मनीष कसाना की पत्नी रेणु कसाना के बीच जबदरस्त टक्कर है। यहां पर जिस प्रकार टिकट के लिए मारामारी मची है उसे देखते हुए लगता है कि भाजपा इस सीट पर शायद कोई प्रत्याशी न उतारे। हालांकि वोटों के गणित में रेणु कसाना भारी पड़ती नजर आ रही है।  

पार्टी में प्रवेश के लिए छह घंटे बैठे रहे भाजपा की चौखट पर, मिली मायूसी
अब बुधवार को होगा बसपा से निष्कासित नेता को पार्टी में शामिल करने पर विचार
गाजियाबाद। बसपा से निष्कासित नेता जी सपत्नीक भाजपा में प्रवेश के लिए घंटों तक प्रयासरत रहे। लेकिन पार्टी में शामिल न होने के बाद वे मायूस होकर घर लौट गये। हालांकि पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि उनके शामिल होने पर कोई चर्चा नहीं है।
बसपा के पुराने कार्यकर्ता केडी त्यागी पिछले एक माह से भाजपा में शामिल होने के लिए प्रयासरत थे। इसी दौरान बसपा को जब इसकी जानकारी मिली तो सोमवार को उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। इसके बाद नेता जी भाजपा के एक पूर्व एमएलसी को लेकर लखनऊ गये। लेकिन वहां भी किसी ने उनको भाजपा में शामिल नहीं किया। उन्हें कहा गया कि गाजियाबाद पहुंचकर वहां जिला व महानगर अध्यक्ष से मिलकर शामिल हो जाइये। इसके बाद केडी त्यागी एवं उनकी पत्नी जो खुद भी बीडीसी सदस्य है दोपहर करीब तीन बजे से पहले ही भाजपा कार्यालय पहुंच गये।
शाम करीब साढ़े आठ बजे तक केडी त्यागी, उनकी पत्नी एवं दो चार समर्थक भाजपा कार्यालय में बैठे रहे। इस उम्मीद में कि वे भाजपा में शामिल हो जायेंगे। लेकिन सबसे पहले महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा कार्यालय से किसी कार्यक्रम में शामिल होने चले गये। इसके बाद जिला प्रभारी सत्येंद्र शिशौदिया एवं अंत में जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल भी कार्यालय से चले गये। लेकिन केडी त्यागी भाजपा में छह घंटे इंतजार करने के बाद भी शामिल नहीं हो सके। भाजपा सूत्रों के अनुसार संघ एवं पार्टी के आला पदाधिकारी उन्हें पार्टी में शामिल करने के इच्छुक नहीं थे। यहीं कारण है कि वे पार्टी में शामिल नहीं हो सके। इस संबंध में दैनिक अथाह ने जब भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल से पूछा तो उन्होंने कहा कि केडी त्यागी को भाजपा में शामिल करने को लेकर कोई चर्चा तक नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *