Dainik Athah

युवाओं के साथ 350 पार: प्रांशु दत्त द्विवेदी

– भारतीय जनता युवा मोर्चा के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने कहा
– प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर किया गया जोरदार स्वागत

अथाह ब्यूरो
लखनऊ। भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष प्रांशुदत्त द्विवेदी का 1090 चैराहे से मुख्यमंत्री चौराहा, विक्रमादित्य चौराहा, हजरतगंज चौराहा से लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय तक लखनऊ में आए हुए प्रदेश के तमाम कार्यकतार्ओं ने भव्य स्वागत किया। प्रदेश कार्यालय पर आयोजित पदभार कार्यक्रम में मंच का संचालन प्रदेश के महामंत्री कमलेश मिश्र तथा अनुभव द्विवेदी ने किया। सर्व प्रथम कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए भाजपा प्रदेश के उपाध्यक्ष पंकज सिंह ने कहा कि नवनियुक्त भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष प्रांशुदत्त द्विवेदी का लखनऊ प्रथम आगमन पर प्रदेश भर के युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्राशुदत्त द्विवेदी ने युवाओं का आह्वान किया कि अगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनाने के लिए युवा मोर्चा के एक-एक कार्यकर्ता को जुटना है तथा विपक्ष द्वारा फैलाये जा रहे झूठ, भ्रम, फरेब के मकड़जाल का सफाया करना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिपाही बनकर बूथ विजय का संकल्प लेकर युवा मोर्चा बढ़ेगा और 350 का लक्ष्य प्राप्त करेगा।
अपने पदभार ग्रहण के अवसर पर प्रांशुदत्त द्विवेदी ने उद्बोधन का आरंभ भारत माता की जय से किया। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद देते हुए कहा कि मैंने अपने राजनैतिक जीवन का आरंभ भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष के रुप में किया फिर जिलाध्यक्ष, फिर प्रदेश मंत्री, फिर राष्ट्रीय मंत्री, फिर भाजपा प्रदेश मंत्री और आज प्रदेश अध्यक्ष भाजयुमो के अध्यक्ष तौर अपने युवा साथियों के बीच खड़ा हूं। उन्होंने प्रदेश के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब हमारे पास विधानसभा चुनाव के लिए मात्र सात महीनें हैं। अब हमें दिन रात एक कर देना है। मैं आपका साथ कदम दर कदम पर दूंगा। उन्होंने आज एक नारा भी दिया युवाओं के साथ, 350 पार।


भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने कहा 2017 में जब अखिलेश यादव की सरकार थी और उन्होंने सुब्रत पाठक के ऊपर खूब अत्याचार किया, एनएसए से लेकर रासुका तक लगाया। भारतीय जनता पार्टी ने सुब्रत को भाजयुमो अध्यक्ष बनाया और सुब्रत ने 2017 में बसपा और सपा को उखाड़ फेंका और भारतीय जनता पार्टी की अभूतपूर्व विजय हुई। फिर भारतीय जनता पार्टी ने सुभाष यदुवंश को भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष बनाया और 2019 के लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा के एक होने के बावजूद हमने जीत दर्ज की। पार्टी बहुत सोच समझ कर भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष बनाती है। मुझे विश्वास है कि पार्टी ने प्रांशुदत्त द्विवेदी पर जो विश्वास जताया है। वह उस पर खरा उतरेंगे और उनके नेतृत्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा 2022 के चुनाव में 350 सींटे जीतने का काम करेगी।
भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने कहा की प्रांशुदत्त का स्वागत सोनभद्र से लेकर सहारनपुर तक और झांसी से लेकर गोरखपुर तक युवाओं ने किया है। निश्चित तौर युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रांशुदत्त के नेतृत्व में आगे बढ़ते रहेगे। प्रदेश महामंत्री सुब्रत पाठक ने कहा कि सन 2009 में उत्तर प्रदेश में मायावती की सरकार थी। आप जानते हैं मायावती की जान प्रांशुदत्त द्विवेदी के ताऊ ब्रम्हदत्त द्विवेदी ने बचाई थी। उन्हीं मायावती ने अपनी सरकार में प्रांशुदत्त पर रासुका लगाया। किसी ने प्रांशुदत्त द्विवेदी से कहा कि चलो बसपा के एक बड़े नेता है उनके पैर छू लो, तो जेल जाने से बच जाओंगे। लेकिन प्रांशुदत्त ने कहा की मैं नहीं जाउंगा, बाहर निकलूंगा तो पुन: इनसे लडूंगा।


निवर्तमान भाजयुमों प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंश ने कहा की आज मैं दो कारणों से गौरवान्वित हुआ। एक तो प्रांशुदत्त द्विवेदी के नेतृत्व में राष्ट्रवादियों की ताकत और मजबूत होगी और दूसरा भारत के सबसे बड़े प्रदेश के सबसे तत्पर युवाओं का नेतृत्व करने का पार्टी ने मुझे मौका दिया था। ये नौजवानों की फौज है जिसने 80 से अधिक युवा सम्मेलनों में जब हुंकार लगाई तो सपाइयों और बसपाइयों की फौज दुबक कर घर में बैठ गयी। 2022 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश का यह युवा सपा और बसपा की जड़े खोदने का काम प्रांशुदत्त द्विवेदी जी के नेतृत्व में करेगा।


भाजयुमो प्रदेश मीडिया प्रभारी धनंजय शुक्ला ने बताया कि युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों ने निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंश और नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रांशुदत्त द्विवेदी को भगवान श्रीराम की मूर्ति भेंट स्वरूप देकर सम्मानित किया। प्रदेश उपाध्यक्ष वरूण गोयल, आयुषी श्रीमाली, अभिषेक द्विवेदी, प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह, देवेन्द्र पटेल, प्रदेश मंत्री रोहन त्यागी, प्रशांत द्विवेदी, कोषाध्यक्ष अमरजीत मिश्रा, प्रदेश संयोजक संतोष जायसवाल, के.के गौतम तथा प्रदेश पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *