Dainik Athah

जिले में भाजपा का ही बनेगा जिला पंचायत अध्यक्ष: खन्ना

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। प्रदेश के वित्त, संसदीय कार्य एवं जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि गाजियाबाद जिले में भाजपा का ही जिला पंचायत अध्यक्ष चुना जायेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में कोरोना संक्रमण को रोकने में सफलता पाई गई।
सुरेश खन्ना बुधवार को गाजियाबाद जिले के दौरे के अंत में मोदीनगर में भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल के कैंप कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उनसे जब पूछा गया कि 14 में से भाजपा के दो ही जिला पंचायत सदस्य है ऐसे में यह कैसे संभव होगा। उन्होंने कहा कि अधिकांश जिला पंचायत सदस्य राष्टÑवादी विचारधारा के है। वे भाजपा के साथ आयेंगे। उन्होंने ब्लाक प्रमुख चुनावों पर किसी प्रकार की चर्चा करने से इनकार कर दिया। इसके साथ ही मोदीनगर में स्वास्थ्य की लचर सुविधाओं के संबंध में उन्होंने कहा सीएचसी में जितनी सुविधा होनी चाहिये उतनी है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, जिला प्रभारी सतेंद्र सिसौदिया, मोदीनगर नगर पालिका चेयरमैन अशोक माहेश्वरी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशी ममता त्यागी के पति एवं पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बसंत त्यागी, पूर्व ब्लाक प्रमुख कृष्णवीर चौधरी, जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, अमित चौधरी, महामंत्री जितेंद्र चितौड़ा, नितिन मित्तल, अरुण खन्ना, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सतेंद्र त्यागी, विनोद वैशाली, मयंक शर्मा, मुलतान शर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।


– कार्यकर्ताओं ने मुरादनगर में उठाई समस्या
मुरादनगर ब्लाक में बैठक के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं सभासदों ने मुदद्दा उठाया कि उखलारसी शमशान घाट हादसे में मृतक सभी लोगों को अब तक मुआवजा नहीं दिया गया है। इसके साथ ही कहा कि नगर पालिका में कोई काम नहीं हो पा रहे हैं। अधिशासी अधिकारी के न होने के कारण लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। अनेक लोगों ने समस्याओं को लिखकर भी दिया। इस पर विधायक अजीत पाल त्यागी ने आश्वासन दिया कि समस्याओं का जल्द निराकरण किया जायेगा।


– भोजपुर ब्लाक में डंपिंग ग्राउंड का किया विरोध
भोजपुर ब्लाक में आयोजित बैठक में ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने गांवों में डंपिंग ग्राउंड बनाने का विरोध किया।


– किसानों ने दिया ज्ञापन
डा. बबली गुर्जर, सतीश राठी समेत अन्य किसानों ने जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल के कार्यालय पर मंत्री सुरेश खन्ना से मिलकर उन्हें दिल्ली- मेरठ एक्सप्रेस वे संबंधित समस्याओं का ज्ञापन सौंपा। इस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि वे केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से इस मामले में बात करेंगे।


– जिला पंचायत चुनाव की स्थिति की ली जानकारी
गंगा जल ट्रीटमेंट प्लांट के अतिथि गृह में जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने विधायकों एवं संगठन से जिला पंचायत चुनाव की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पूछा किसी प्रकार की कोई समस्या तो नहीं आ रही। इसके साथ ही उन्होंने लोनी के घटनाक्रम की भी जानकारी ली। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, राज्यसभा सदस्य अनिल अग्रवाल, विधायक सुनील शर्मा, अजीत पाल त्यागी, डा. मंजू शिवाच, नंद किशोर गुर्जर, महापौर आशा शर्मा मौजूद थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *