Dainik Athah

12 से पहले जिला पंचायत अध्यक्ष- ब्लाक प्रमुख, 15 के बाद विस चुनाव की तैयारी

– प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने पश्चिमी उप्र के कार्यो की कि समीक्षा
– संगठन महामंत्री ने क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ ही जिला व महानगर अध्यक्षों के साथ की मैराथन बैठक
– सेवा ही संगठन के मूल मंत्र के साथ जनता की सेवा में जुटें

अथाह संवाददाता
मेरठ। भारतीय जनता पार्टी ने पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दे दिये हैं कि वे जनता की सेवा में जुटें। सेवा ही संगठन उनका मूल मंत्र होना चाहिये। इसके साथ ही निर्देश दिये कि जिला पंचायत अध्यक्ष एवं ब्लाक प्रमुख पदों के जिताऊ उम्मीदवारों को ही चुनाव लड़ायें। प्रत्याशी कमजोर होगा तो उसके लिए संबंधित पदाधिकारी जिम्मेदार होंगे। उन्होंने कहा 12 जुलाई से पहले जिला पंचायत अध्यक्ष एवं ब्लाक प्रमुख चुनाव संपन्न होंगे। इसके बाद 15 जुलाई से विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटें।
सुनील बंसल शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी पश्चिम क्षेत्र की क्षेत्रीय कार्यालय बागपत रोड पर आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में प्रदेश के सह प्रभारी संजीव चौरसिया, प्रदेश सह संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, क्षेत्रीय प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर, प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह, राज्यसभा सदस्य एवं प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नागर मुख्य रूप से मौजूद थे।


बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने क्षेत्रीय पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्ष जिला प्रभारियों को संबोधित करते हुए कहा कि 10 जून से 15 जुलाई तक विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से जन सामान्य तक पहुंचने तथा जन जागरण करने की योजना तय की गई। पार्टी ने वैक्सीनेशन के लिए जागरूकता, पोस्ट कोविड सेंटर का संचालन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को गोद लेकर विकसित करने का कार्य तथा प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी जन सामान्य तक पहुंचाकर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करने का ध्येय लेकर अभियान प्रारंभ किया है। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों का आहवान किया कि सेवा ही संगठन के मूलमंत्र के साथ पार्टी कार्यकर्ता कोरोना टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए कार्य करें। जैसे हमारे सर्विस प्रोवाइडर हैं उनकी सूची बनाकर उनका रजिस्ट्रेशन कराएं जैसे सब्जी बेचने वाले, दूध घर-घर तक पहुंचाने वाले, समाचार पत्रों के हॉकर, ठेली पर सामान बेचने वाले उन सब को सूचीबद्ध कर उनका रजिस्ट्रेशन कार्यकर्ता कराएं। स्वास्थ्य विभाग से संपर्क कर जगह- जगह टीकाकरण कैंप की व्यवस्था करें। वैक्सीनेशन के लिए आने वाले लोगों को पानी और छांव की व्यवस्था का ध्यान रखें।


भाजपा कार्यकर्ता जनता को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने, उसकी प्रक्रिया से जोड़ने के लिए पूरी क्षमता के साथ अभियान चलाकर टीकाकरण के लिए लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का कार्य करेंगे। कोविड-19 से उबरने के बाद भी कुछ लोगों को उसके दुष्प्रभाव हो रहे हैं इसके लिए जिलों में पोस्ट कोविड सेंटर के संचालन में चिकित्सकों को वातार्कार बनाकर कोविड संक्रमण से नेगेटिव होने के बाद हुए दुष्प्रभावों के लिए चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने का कार्य प्रत्येक जिले में किया जाए। इसके दुष्प्रभावों से बचने के लिए योग का सहारा भी लिया जा सकता है। योग गुरुओं का सहयोग लेकर जनता को इसके प्रति जागरूक किया जा सकता है।


बंसल ने कहा पार्टी सेवा ही संगठन अभियान के तहत वैक्सीनेशन के लिए जन जागरण करेगी। पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि बूथ स्तर तक पहुंच कर सरकार द्वारा चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के लिए लोगों को जागरूक करेंगे। इसके साथ ही युवा मोर्चा एवं आईटी सेल के कार्यकर्ता लोगों को टीकाकरण रजिस्ट्रेशन में सहायता भी उपलब्ध कराएंगे।


इसके साथ ही पार्टी ने सांसदों, विधायकों, आयोगों-निगमों- बोर्डों के अध्यक्षों द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को गोद लेकर सक्षम स्वास्थ्य केंद्र बनाने का बड़ा अभियान भी हाथ में दिया है। इस अभियान से एनजीओ तथा अन्य सामाजिक संगठनों को भी जोड़कर अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा मंडल और जिले महानगर में जो पद रिक्त हैं उन पर जल्द से जल्द कार्यकतार्ओं की नियुक्ति हो जाए, जिसकी सूची प्रदेश को भेजनी है।


प्रदेश के सह प्रभारी संजीव चौरसिया ने कहा कि कार्यकतार्ओं द्वारा एक अभियान पौधारोपण को लेकर चलाया जाए जो कि हर बूथ हरियाली बूथ इस अभियान में ज्यादा से नीम, आंवला, पीपल, बरगद, इसी तरह के पौधे रोपे जाएं जो की प्रकृति को प्रिय हैं। 25 जून को ही कांग्रेस नेआपातकाल लगाया था। कांग्रेस ने लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को ध्वस्त कर दिया था इसके संबंध में जिलों में गोष्ठियों का आयोजन किया जाए।


क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने पश्चिम क्षेत्र के कार्यकतार्ओं के द्वारा कोरोना काल में किए गए कार्यों का ब्यौरा रखा। बैठक का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री डॉ विकास अग्रवाल ने किया। बैठक में राज्यसभा सदस्य कांता कर्दम, प्रदेश मंत्री डा. चंद्रमोहन, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दयाल, गाजियाबाद जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिला व महानगर अध्यक्ष उपस्थित थे।

– जीतने वाले उम्मीदवारों की लड़ाया जायेगा जिला पंचायत अध्यक्ष- प्रमुख चुनाव
प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने इसके साथ ही सभी जिला, महानगर अध्यक्षों के साथ ही जिला प्रभारियों को संदेश दिया कि ब्लाक प्रमुख एवं जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में जिताऊ उम्मीदवारों पर ही फोकस करें। उन्होंने संकेत दिये कि 12 जुलाई से पहले दोनों चुनाव संपन्न हो जायेंगे। उन्होंने कहा कि हर हाल में दोनों पदों को जीतना है। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि 15 जुलाई के बाद सभी कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जायें।

– निगमों- आयोगों के खाली पदों को भरने के लिए भेजें नाम
सुनील बंसल ने इसके साथ ही प्रदेश में खाली पड़े आयोगों, निगमों के साथ ही अन्य पदों के लिए नाम जल्द से जल्द भेजने के निर्देश दिये हैं। सभी जिलों से नाम आने के बाद उनकी नियुक्ति की जा सकेगी। इसमें पुराने कार्यकर्ताओं को तरजीह देने के निर्देश भी दिये।

One thought on “12 से पहले जिला पंचायत अध्यक्ष- ब्लाक प्रमुख, 15 के बाद विस चुनाव की तैयारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *