Dainik Athah

‘राजपाल त्यागी’ के बहाने ‘त्यागी समाज’ को साध गये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मुरादनगर में विशाल जनसभा कर विधायक अजीत पाल त्यागी ने दिखाया दम

मुख्यमंत्री योगी भी हुए जनसभा में भीड़ से हुए प्रभावित


अशोक ओझा
मुरादनगर (गाजियाबाद)।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब मुरादनगर आये और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण किया तो इसी बहाने उन्होंने ‘त्यागी समाज’ को भी साधने का काम किया। इतना ही नहीं दो बार के विधायक अजीत पाल त्यागी की सराहना कर उन्होंने उनका भी कद बढ़ाने का काम किया। उनका यह कदम निश्चित ही 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए लाभकारी होगा।
बता दें कि भाजपा संगठन एवं प्रदेश सरकार में भागीदारी को लेकर समय समय पर त्यागी समाज का विरोध सामने आता रहा है। प्रदेश संगठन में मात्र एक त्यागी मंत्री पद पर है, जबकि पूरे प्रदेश में त्यागी समाज के हिस्से में एक भी जिलाध्यक्ष का पद नहीं आया। यह स्थिति तब है जब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के साथ ही हरियाणा में भी त्यागी समाज एक दर्जन से अधिक सीटों पर हार- जीत तय करता है। बावजूद इसके प्रदेश सरकार में भी त्यागी समाज का प्रतिनिधित्व न होने से त्यागी समाज में कुछ हद तक नाराजगी चल रही है।


लेकिन इस बार मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी ने अपने पिता स्व. राजपाल त्यागी की प्रतिमा अनावरण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से समय मांगा तो उन्होंने सहर्ष ही इस निमंत्रण को स्वीकार कर लिया। जिस दिन मुख्यमंत्री चार दिन पहले दिल्ली आये थे उसी दिन उन्होंने अजीत पाल त्यागी को हिंडन एयरपोर्ट पर बुलाया और तय कर दिया कि वे स्व. राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण करने मुरादनगर आयेंगे। यह अलग मुद्दा है कि उन्होंने इसी कार्यक्रम में मोदीनगर और मुरादनगर विधानसभाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम भी तय कर दिये।
जिस प्रकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. राजपाल त्यागी की तारीफों के पुल बांधे एवं उनको लोक प्रिय तथा जननेता से नवाजा वह प्रदर्शित करता है कि मुख्यमंत्री स्वयं राजपाल त्यागी से किस हद तक प्रभावित हैं। इतना ही नहीं हिलौरे ले रही भीड़ को देखकर गद्गद् मुख्यमंत्री ने मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी की प्रशंसा में भी कोई कोर कसर बाकि नहीं रखी। उन्होंने यहां तक कहा कि यह साबित करता है कि अजीत पाल त्यागी अपने पिता और माता से मिले संस्कारों के चलते जनसेवा में लगे हैं।

जिस प्रकार मुख्यमंत्री योगी ने स्व. राजपाल त्यागी और अजीत पाल त्यागी की सराहना की उससे पूरे त्यागी समाज के संदेश देने का काम भी किया कि पूरा समाज उनका है और भाजपा के साथ था, है और रहेगा। यह भी माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस कार्यक्रम के बाद त्यागी समाज की नाराजगी कम होगी। इसे इस प्रकार भी समझा जा सकता है कि उन्होंने इस एक कार्यक्रम के बहाने त्यागी समाज को बड़ा संदेश देकर पूरे समाज को साधने का काम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *