Dainik Athah

मुख्यमंत्री योगी ने गाजियाबाद को दी 596.40 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात


91.29 करोड़ की 4 परियोजनाओं का लोकार्पण, 505.11 करोड़ की 19 नई योजनाओं का शिलान्यास; आवास, फ्लाईओवर, सड़क, पार्क, पार्किंग और शहरी अधोसंरचना को मिलेगी नई रफ्तार

अथाह संवाददाता,
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा के दौरान गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की कुल 596.40 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 91.29 करोड़ लागत की चार पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 505.11 करोड़ की 19 नई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आधुनिक आधारभूत ढांचे के विकास के माध्यम से नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और निवेश व रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत मधुबन बापूधाम में निर्मित 856 ईडब्ल्यूएस आवासों तथा राजस्व ग्राम निवाड़ी में 528 ईडब्ल्यूएस आवासों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने मधुबन बापूधाम के लाभार्थी कृष्ण कुमार और निवाड़ी योजना के एक चयनित लाभार्थी को प्रतीकात्मक चाबी सौंपकर आवास उपलब्ध कराए।

लाभार्थियों ने प्रदेश सरकार और जीडीए के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे सुरक्षित और सम्मानजनक आवास के सपने के साकार होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।मुख्यमंत्री ने ग्राम सिकरोड़ में 45 मीटर चौड़ी जोनल रोड (ए-6) के अवशेष भाग, ड्रेनेज एवं सीवरेज कार्य तथा मधुबन बापूधाम औद्योगिक पॉकेट में निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र भवन का भी लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में यातायात, जल निकासी और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी।शिलान्यास की प्रमुख परियोजनाओं में हापुड़ चुंगी फ्लाईओवर, राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (आरडीसी) में मल्टीलेवल पार्किंग, हम-तुम रोड (सी-24) का चौड़ीकरण, एनडीआरएफ रोड एवं नाले का निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए जलापूर्ति अवसंरचना, गोविंदपुरम क्षेत्र की सड़क एवं एसटीपी परियोजनाएं, तालाब क्षेत्र का विकास, गोविंदपुरम और हरसांव जंक्शन का सौंदर्यीकरण, विकसित भारत पार्क, आनंद वाटिका, शहीद स्मारक पार्क में ओपन एयर थिएटर तथा नॉर्दर्न पेरिफेरल रोड जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इन योजनाओं के पूरा होने से गाजियाबाद, मुरादनगर, मोदीनगर और आसपास के क्षेत्रों में आवास, सड़क, जल निकासी, पार्किंग, हरित क्षेत्र और शहरी सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा। इससे नागरिकों को बेहतर यातायात, आधुनिक सार्वजनिक सुविधाएं और सुव्यवस्थित शहरी वातावरण उपलब्ध होगा।गाजियाबाद विकास प्राधिकरण ने प्रदेश सरकार के मार्गदर्शन में सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई। प्राधिकरण का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद गाजियाबाद आधुनिक और सुव्यवस्थित शहरी विकास का एक मजबूत मॉडल बनकर उभरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *