सीएम योगी का भाषण राजपाल त्यागी से शुरू होकर उनके नाम के साथ ही हुआ समाप्त
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण
राजपाल त्यागी जनता के दिल में स्थान बनाने वाले राजनेता थे: योगी आदित्यनाथ
अजीत पाल लगातार विधायक बनकर पिता के कार्यों को निरंतरता प्रदान कर रहे हैं: सीएम योगी

अशोक ओझा
मुरादनगर (गाजियाबाद)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद के मुरादनगर में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. राजपाल त्यागी की प्रतिमा के अनावरण के बाद आयोजित जनसभा में अपना भाषण स्व. राजपाल त्यागी के कार्यों की सराहना करते हुए शुरू किया और उनके नाम और स्व. राजपाल त्यागी के विधायक पुत्र अजीत पाल त्यागी की सराहना करते हुए समाप्त किया।
शुक्रवार को मुरादनगर के टीपीएस त्यागी- कुशल पाल त्यागी मैमोरियल डिग्री कॉलेज में मुख्यमंत्री ने सबसे पहले पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद उनके पूरे परिवार के साथ मुलाकात की और फोटो खिंचवाई।
इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए सबसे पहले स्व. राजपाल त्यागी को नमन करते हुए उन्हें नमन किया और पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि राजनीति जब जनता की सेवा का माध्यम बनती है तो राजनेता को लोकप्रियता के चरम पर पहुंचाती है। राजपाल त्यागी जनता के दिल में स्थान बनाने वाले राजनेता थे। उन्होंने कहा कि जब स्व. राजपाल त्यागी के जीवन इतिहास का अवलोकन करते हैं तो हमें स्पष्ट होता है कि आदर्श राजनेता स्व. राजपाल त्यागी छह बार (दो बार निर्दल) विधायक रहे। वे दो बार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व दो बार कैबिनेट मंत्री रहे। यह उनकी लोकप्रियता व जनता के मन में उनके प्रति अगाध प्रेम और समर्पण को दशार्ता है।
योगी आदित्यनाथ ने ऐसे जननेता की प्रतिमा के अनावरण के लिए उन्हें आमंत्रित करने के लिए स्व. राजपाल त्यागी के विधायक पुत्र अजीत पाल त्यागी को धन्यवाद दिया।
सीएम योगी ने कहा कि माता-पिता की साधना और त्याग पुत्रों के कार्यों में झलकती है। तपस्या, साधना, लोककल्याण के प्रति समर्पण के भाव का परिणाम है कि अजीत पाल लगातार विधायक बनकर पिता के कार्यों को निरंतरता प्रदान कर रहे हैं। जनता का उत्साह उनके प्रेम और सेवा को प्रस्तुत कर रहा है। विधायक अजीत पाल त्यागी ने अतिथियों का स्वागत किया।
