Dainik Athah

सभी 161 ग्राम पंचायतों में चुनाव की तैयारी में जुटा प्रशासन

नगर पालिकाओं के सीमा विस्तार के बावजूद

पूर्व की भांति ही होंगे ग्राम पंचायत, बीडीसी एवं जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
प्रदेश में नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों का सीमा विस्तार होने के बावजूद पंचायत चुनावों पर इसका असर नहीं होगा। पूर्व में जिस प्रकार ग्राम पंचायत के चुनाव हुए थे उसी प्रकार अब भी चुनाव होंगे। जब सीमा विस्तार अस्तित्व में आयेगा तब उसी अनुरूप फेरबदल किया जायेगा।

बता दें कि पिछले दिनों जिले में मुरादनगर नगर पालिका परिषद का सीमा विस्तार हुआ था। इसके बाद करीब एक दर्जन नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों का सीमा विस्तार किया गया है। इतना ही नहीं नई नगर पंचायतें भी अस्तित्व में आई है। सूत्रों की मानें तो आने वाले दिनों में कुछ और नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों का सीमा विस्तार किया जाना है। इसके बाद से ही यह चर्चा जोर पकड़ने लगी थी कि सीमा विस्तार के चलते कुछ ग्राम पंचायतों का अस्तित्व समाप्त हो जायेगा। इसके साथ ही बीडीसी एवं जिला पंचायत के वार्ड भी इससे प्रभावित होंगे। लेकिन उच्चस्तरीय सूत्र इस संभावना से इनकार कर रहे हैं।

सूत्र बताते हैं कि सीमा विस्तार का असर पंचायत चुनावों पर नहीं होने जा रहा। इसका कारण यह बताया गया है कि अभी आपत्तियां एवं उनके निस्तारण का काम चलेगा। ऐसे में सीमा विस्तार के मामले को छेड़ा ही नहीं जायेगा। इसको ध्यान में रखकर ही आगामी पंचायत चुनावों की योजना पर काम किया जा रहा है। जब शासन से कोई निर्देश जारी होगा तब जाकर इसका असर होगा।

सीमा विस्तार से पंचायत चुनाव की तैयारियों पर कोई असर नहीं होने जा रहा है। इस संबंध में शासन से भी कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। गाजियाबाद जिले में वर्तमान में स्थित सभी 161 ग्राम पंचायतों, पूर्व की भांति ही 74 बीडीसी सदस्यों एवं 14 जिला पंचायत सदस्यों के लिए चुनाव होगा। जब भी सीमा विस्तार को अंतिम रूप दिया जायेगा तब उनक ग्राम पंचायतों को समाप्त कर दिया जायेगा।
अनिल कुमार त्रिपाठी, जिला पंचायत राज अधिकारी गाजियाबाद

जिले के चार ब्लाकों में प्रशासक नियुक्त

जिलाधिकारी ने चार एडीओ को सौंपा प्रशासक का कार्यभार

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने जिले के तीन ब्लाक में एडीओ एवं एक ब्लाक में अपर जिला पंचायत राज अधिकारी को प्रशासक नियुक्त किया है।
बता दें कि 25 दिसंबर को प्रदेश में प्रधानों का राज समाप्त हो गया था। इसके साथ ही प्रशासक नियुक्त किये जाने थे। जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने शासन के निर्देशानुसार सभी ब्लाकों में प्रशासक नियुक्त कर दिये हैं। उन्होंने भोजपुर ब्लाक में सहायक विकास अधिकारी पंचायत कौशल कुमार शर्मा को, मुरादनगर ब्लाक में सहायक विकास अधिकारी पंचायत राजेंद्र प्रसाद शर्मा को एवं रजापुर ब्लाक में सहायक विकास अधिकारी कृषि मोहम्मद अजीज को प्रशासक नियुक्त किया है। इसके साथ ही लोनी ब्लाक में अपर जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार त्यागी को प्रशासक नियुक्त किया है।
सभी प्रशासकों की नियुक्ति अगले छह माह के लिए हुई है। यदि ग्राम प्रधानों का चुनाव होने के बाद शपथ हो जाती है तो उस समय तक इनका कार्यकाल रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *