आखिर भाजपा जिला- महानगर में यह क्या हो रहा
शांत नहीं हो रहा महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष को अश्लील मैसेज भेजने का मामला
आरोपी के खिलाफ कार्यवाही चाहते हैं भाजपा के पुराने कार्यकर्ता

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। ‘भारतीय जनता पार्टी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारे महिला सम्मान’ की यदि धज्जियां उड़ते देखना है तो इसलिए गाजियाबाद जिला महत्वपूर्ण स्थान है। जिला ही नहीं महानगर भ इसमें पीछे नहीं है।
बता दें कि भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष को व्हाटसअप के जरिये अश्लील मैसेज भेजने के आरोपी जिला उपाध्यक्ष नितिन मित्तल के खिलाफ मोदीनगर थाने में गुरूवार को तब रिपोर्ट दर्ज हुई जब राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हिमानी अग्रवाल ने मामले का संज्ञान लेकर मोदीनगर एसीपी को फटकार लगाई। बावजूद इसके आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और खासकर महिला कार्यकर्ताओं में रोष है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष से मिले भाजपा कार्यकर्ता, मिला कार्यवाही का भरोसा
इस मामले में गुरूवार को देर शाम भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक डा. मंजू शिवाच के नेतृत्व में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी से मुलाकात कर उन्हें पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। इस पर चौधरी ने भरोसा दिया कि जल्द ही इस मामले में कार्यवाही होगी। उन्होंने जिला व क्षेत्र स्तर से कार्यवाही न होने पर आश्चर्य व्यक्त किया।
क्षेत्रीय अध्यक्ष को भी घेर लिया कार्यकर्ताओं ने
भाजपा कार्यकर्ता जब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी से मिलकर बाहर निकले तो उन्हें क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया मिल गये। इसके बाद सभी ने उन्हें घेर कर सवालों की बौछार कर दी। वे भी आश्वासन के अलावा कुछ नहीं कर सके।
विधायक डा. मंजू शिवाच के पास पहुंचे भाजपा जिलाध्यक्ष
इस मामले के तूल पकड़ने के बाद अपने करीबी को बचाने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह ने मोदीनगर विधायक डा. मंजू शिवाच से उनके कार्यालय में मुलाकात कर इस विवाद को समाप्त करवाने का आग्रह किया और सभी कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक बुलाने को कहा, लेकिन बैठक बुलाने को जिलाध्यक्ष खुद तैयार नहीं है, वे चाहते हैं बैठक कोई और बुलाये।
महानगर कार्यालय में महिलाओं के बीच हो चुका है विवाद
बता दें कि ऐसा ही विवाद भाजपा महानगर कार्यालय में हुआ। एक बैठक के दौरान महिला पदाधिकारियों ने एक दूसरी पर पार्टी नेताओं से अनैतिक संबंधों के आरोप लगाये। जिसके बाद यह चर्चा लखनऊ के गलियारों में चटखारे लेकर सुनाई जा रही थी।
बहरहाल जिस प्रकार के विवाद चल रहे हैं उसको लेकर कार्यकर्ता ही टिप्पणी कर रहे हैं कि भाजपा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारी सम्मान की पार्टी के ही पदाधिकारी धज्जियां उड़ा रहे हैं। अब इस मामले में केंद्रीय दखल जरूरी हो गया है तथा नये सिरे से जिला संगठन तैयार होना चाहिये।
