Dainik Athah

भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया : अखिलेश यादव

 अथाह व्यूरो,

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया। हत्या, लूट, बलात्कार की घटनायें बढ़ती जा रही है। भ्रष्टाचार चरम पर है। भाजपा सरकार का कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस का दावा झूठा साबित हो चुका है। प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के कारनामों से त्रस्त है। भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री जी झूंठे आंकड़ों से जनता को भ्रमित करते हैं जबकि सच्चाई यह है कि प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है। अपराधी तत्व और दबंग सत्ता के संरक्षण में बेलगाम है। सरेआम हत्याओं ओर अपराधों को अंजाम दे रहे है।
    अखिलेश यादव ने कहा कि बुधवार को जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र परिवहन निगम के अनुबंधित बस के चालक ललई यादव की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी। मुख्य आरोपी ने सड़क पर ललई यादव की गर्दन पर पैर रखकर दबा दिया। बुलन्दशहर में पचौता गांव में आयोजित मेले में एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ। आजमगढ़ में दुष्कर्म पीड़िता की हत्या कर दी गयी। सरोजनीनगर के बिजनौर में महिला के मंगलसूत्र की लूट हो गयी। इसी तरह से लखनऊ के कृष्णानगर में इन्द्रलोक कॉलोनी निवासी महिला की चेन बाइक सवार बदमाशों ने लूट ली। चंदौली में फार्म हाउस में सो रहे युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई।
    अखिलेश यादव ने कहा कि अपराधियों में कानून और पुलिस का डर नहीं है। भाजपा सरकार सो रही है। आपराधिक तत्वों और दबंगों को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। भाजपा सरकार निष्क्रिय हो चुकी है। उत्तर प्रदेश में हर दिन सैकड़ों अपराध की घटनाएं हो रही हैं। आम जनता बेबस है। भाजपा सरकार के पास झूठ और झूठे दावों के अलावा कुछ नहीं है। इस सरकार में प्रदेश में कई तरह के माफिया पैदा कर दिए है। कहीं भूमाफिया, कहीं खनन माफिया तो कहीं अवैध लकड़ी माफिया उत्तर प्रदेश को लूट रहे है।
  अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा की झूठे और लूट की सरकार को उखाड़ फेंकने को तैयार है। 2027 में जनता भाजपा की भ्रष्ट और अराजक सरकार को हटा देगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *