Dainik Athah

उद्योग और प्रशासन के बीच बनेगा साझा विकास रोडमैप: मुख्य विकास अधिकारी

10 मार्च को होगा “गाज़ियाबाद सीएसआर एवं सस्टेनेबिलिटी कॉन्क्लेव 2026”


– सीएसआर निवेश और सतत विकास को संगठित ढांचे से जोड़ने का प्रयास

अथाह संवाददाता,
गाज़ियाबाद। जिला प्रशासन गाज़ियाबाद द्वारा 10 मार्च 2026 को “गाज़ियाबाद सीएसआर एवं सस्टेनेबिलिटी कॉन्क्लेव 2026” का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 9:30 बजे से सायं 6:00 बजे तक रेडिसन ब्लू, कौशांबी में आयोजित होगा। इसकी जानकारी मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल  ने विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।

 मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने जानकारी देते बताया कि यह कॉन्क्लेव नई दिल्ली स्थित प्रबंधन परामर्श फर्म सार्थक कलेक्टिव के साथ रणनीतिक साझेदारी में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य जनपद में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व निवेश, सस्टेनेबिलिटी पहलों और उद्योग सहभागिता को जिला प्रशासन की प्राथमिक विकास आवश्यकताओं के साथ एक संरचित ढांचे में जोड़ना है। इसके माध्यम से सीएसआर गतिविधियों को समन्वित, परिणाम आधारित और दीर्घकालिक विकास रणनीति के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।

कॉन्क्लेव में कॉर्पोरेट्स, उद्योग संगठनों, एमएसएमई, नागरिक समाज संस्थाओं और प्रशासनिक तंत्र के बीच संवाद स्थापित कर गाज़ियाबाद के लिए एक स्पष्ट और प्राथमिकताबद्ध सामाजिक कार्य योजना तैयार की जाएगी। साथ ही सीएसआर गतिविधियों में व्याप्त विखंडन को समाप्त कर उन्हें साझा दृष्टिकोण और जवाबदेह क्रियान्वयन प्रणाली से जोड़ने पर बल दिया जाएगा।

प्रमुख विषयों पर होगा मंथन
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा एवं व्यावसायिक कौशल विकास, सार्वजनिक स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण और टेलीहेल्थ एकीकरण, भूजल पुनर्भरण और जल संसाधन प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छ शहरी व्यवस्था, पशु कल्याण एवं ग्रामीण आजीविका संवर्धन तथा जिला स्तरीय डीकार्बोनाइजेशन और ईएसजी आधारित विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही जिला डीकार्बोनाइजेशन फ्रेमवर्क भी प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे गाज़ियाबाद को जलवायु-अनुरूप विकास का आदर्श औद्योगिक जनपद बनाया जा सके।

उद्योग जगत का मिलेगा सहयोग
कॉन्क्लेव को डाबर रेड पेस्ट द्वारा पावर्ड किया जा रहा है। इसके अलावा कॉन्टिनेंटल कार्बन इंडिया, समरकूल टेक्नोलॉजीज़, हमदर्द लेबोरेट्रीज़, श्रीराम पिस्टन्स एंड रिंग्स और एचडीएफसी बैंक जैसे प्रमुख औद्योगिक साझेदारों का सहयोग प्राप्त है।

वरिष्ठ अधिकारियों और प्रतिनिधियों की रहेगी भागीदारी
कार्यक्रम में राज्य स्तरीय राजनीतिक प्रतिनिधि, जिला प्रशासन और नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी, परास्तलीय निकायों के प्रतिनिधि, अग्रणी कॉर्पोरेट्स के सीएसआर व सस्टेनेबिलिटी प्रमुख, एमएसएमई प्रतिनिधि और नागरिक समाज संगठनों की भागीदारी प्रस्तावित है।

कॉन्क्लेव के माध्यम से जनपद में सीएसआर निवेश की दिशा, प्राथमिकताओं और क्रियान्वयन तंत्र को स्पष्ट स्वरूप देने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे शासन और उद्योग के बीच स्थायी सार्वजनिक-निजी साझेदारी को मजबूती मिल सके और गाज़ियाबाद को सस्टेनेबिलिटी आधारित औद्योगिक मॉडल के रूप में स्थापित किया जा सके। इस दौरान जिला सूचना अधिकारी  भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *