प्रधानमंत्री ने मेरठ में भारत के प्रथम रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम दिल्ली-मेरठ नमो भारत का सम्पूर्ण कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित किया
कुछ लोगों ने भारत के इस वैश्विक आयोजन को अपनी गन्दी राजनीति का अखाड़ा बना दिया: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने मेरठ मेट्रो व ह्यनमो भारतह्ण ट्रेन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया
प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने मेरठ मेट्रो में मेरठ साउथ से शताब्दी नगर तक सफर किया
आज का यह कार्यक्रम उप्र की डबल इंजन सरकार की कार्य संस्कृति को दशार्ता है
आज शुभारम्भ की गई परियोजनाओं से मेरठवासियों सहित पश्चिमी उ0प्र0 के लोगों का जीवन बदलने वाला
उप्र में मेरठ के अलावा कई शहरों में मेट्रो पर कार्य चल रहा
मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय कैबिनेट द्वारा नोएडा मेट्रो के नये रूट को स्वीकृति प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया

अथाह ब्यूरो
मेरठ/ लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मेरठ में भारत के प्रथम रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) दिल्ली-मेरठ नमो भारत का सम्पूर्ण कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने मेरठ मेट्रो (मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक-21 किमी) तथा आरआरटीएस के सराय काले खाँ से न्यू अशोक नगर, दिल्ली तक नमो भारत खण्ड (05 किमी) और मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक नमो भारत खण्ड (21 किमी) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति रही।
प्रधानमंत्री ने मेरठ मेट्रो व ह्यनमो भारतह्ण ट्रेन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने मेरठ मेट्रो में मेरठ साउथ से शताब्दी नगर तक सफर किया। प्रधानमंत्री ने मेट्रो में दिव्यांग बच्चों, स्कूली बच्चों, मेडिकल छात्रों व अन्य लोगों से संवाद किया। इस अवसर पर इन परियोजनाओं पर आधारित डॉक्यूमेण्ट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर कहा कि बाबा औघड़नाथ की पावन धरा तथा क्रान्ति भूमि मेरठ पर आज ‘विकसित उत्तर प्रदेश-विकसित भारत’ के लिए नई क्रान्ति को ऊर्जा मिल रही है। आज पहली बार एक ही दिन और एक ही मंच से नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो सेवा का शुभारम्भ हो रहा है। विकसित भारत की कनेक्टिविटी कैसी होगी, यह सेवाएँ उसकी शानदार झाँकी है। शहर के भीतर के लिए मेट्रो तथा ट्विन सिटी के विजन को गति देने के लिए नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेन के कार्य उत्तर प्रदेश में हुए हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि आज का यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश की डबल इंजन सरकार की कार्य संस्कृति को दशार्ता है। हमारी कार्य संस्कृति है कि जिस कार्य का शिलान्यास किया जाए, उसे पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर दिया जाए। अब परियोजनाएँ पहले की तरह लटकती नहीं हैं। नमो भारत तथा मेट्रो सेवा के शिलान्यास का अवसर उन्हें मिला था। आज उन्हें ही इनके लोकार्पण का भी सौभाग्य मिला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज उन्होंने मेरठ मेट्रो में सफर किया। इस दौरान अनेक युवाओं और अन्य यात्रियों से उनकी बातचीत हुई। उन सभी का यह कहना था कि उन्होंने कभी भी इतने शानदार कार्य की कल्पना नहीं की थी। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ साल पहले तक यहाँ शाम होने तक पूरे रूट पर सन्नाटा हो जाता था, भय का माहौल था। अब एक ओर कानून-व्यवस्था भी सुदृढ़ हुई है तथा लोगों को सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा का भी माध्यम मिला है। ह्यनमो भारतह्ण रैपिड रेल नारी शक्ति के सामर्थ्य का भी प्रतीक बनी है। इसमें ट्रेन आॅपरेटर, स्टेशन कण्ट्रोल सहित अधिकतर कार्यों में बेटियाँ ही कार्यरत हैं। बेटियाँ ही इन कार्यों का नेतृत्व कर रही हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने अपनी नीतियों में विकास को सर्वोपरि रखा है। वर्ष 2014 से पहले भारत में मेट्रो का विस्तार बहुत धीमी गति से हो रहा था। पिछली सरकार के समय में देश के केवल 05 शहरों में ही मेट्रो चल पायी थी, जबकि आज हमारी सरकार के कार्यकाल में देश के 25 शहरों में मेट्रो चलने लगी है। आज मेट्रो के मामले में भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा नेटवर्क बन चुका है। उत्तर प्रदेश में मेरठ के अलावा कई शहरों में मेट्रो पर कार्य चल रहा है।
नरेंद्र मोदी ने कहा विगत 11 वर्षों में देश के दर्जनों शहरों तक मेट्रो पहुँची। हमारी सरकार देश की जनता को टै्रफिक जाम और प्रदूषण से मुक्त सुविधाएँ और अन्य व्यवस्थाएँ देना चाहती है। इसीलिए आज नमो भारत जैसी आधुनिक सेमी हाई स्पीड ट्रेन तथा वन्दे भारत ट्रेनें चल रही हैं। पहले यह कार्य सम्भव ही नहीं थे, क्योंकि फाइलें घोटालों में ही दब जाती थीं। मेट्रो तथा उससे जुड़ी अधिकतर टेक्नोलॉजी हमें विदेशों से आयात करनी पड़ती थी। हमने घोटाले बंद किए और देश को आत्मनिर्भरता के रास्ते पर आगे बढ़ाया। हमारी प्राथमिकता देश का विकास तथा देशवासियों की सुविधा और समृद्धि है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज शुभारम्भ की गई परियोजनाओं से मेरठवासियों सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों का जीवन बदलने वाला है। सराय काले खाँ, आनन्द विहार, गाजियाबाद और मेरठ के स्ट्रेशनों पर भारतीय रेल, मेट्रो और बस अड्डों को आपस में जोड़ा गया है। देश में यह पहली बार हो रहा है, जब एक ही स्टेशन और एक ही ट्रैक पर नमो भारत और मेट्रो रेल चलेगी। अब एक ही प्लेटफॉर्म से लोग शहर के भीतर यात्रा कर पाएंगे, और उसी स्टेशन से दिल्ली भी आ जा सकेंगे। इससे मेरठ के पढ़ाई, नौकरी करने वाले तथा हजारों कामकाजी उन लोगों को फायदा होगा, जो रोजाना दिल्ली आते-जाते रहते हैं। अब दिल्ली में नौकरी करने वाले मेरठ के लोगों को वहां किराए का घर लेने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विगत वर्षों में हमारी सरकार ने जो वैश्विक समझौते किए हैं, उससे लघु और कुटीर उद्योगों से जुड़े लोगों को बहुत फायदा होगा। मेरठ के स्पोर्ट्स का सामान व कैंची बनाने वाले, मुरादाबाद का पीतल, खुर्जा की क्रॉकरी, बागपत के होम फर्निशिंग उद्योग, सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी सहित प्रदेश के लेदर, टेक्सटाइल तथा ज्वैलरी से जुड़े हर लघु और कुटीर उद्योगों को इन समझौतों का बहुत अधिक लाभ होने वाला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एक ओर देशवासी भारत को विकसित भारत बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। दूसरी ओर कुछ लोग भारत की सफलता को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। विगत दिनों भारत में ए0आई0 पर आधारित दुनिया का सबसे बड़ा सम्मेलन हुआ, जिसमें लगभग 20 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि भारत आए। दुनिया के विकासशील देशों में ऐसा सम्मेलन आज तक कभी नहीं हुआ। पूरा देश गर्व से भर गया था। यह देश का कार्यक्रम था, किसी पार्टी विशेष से जुड़ा कार्यक्रम नहीं था। कुछ लोगों ने भारत के इस वैश्विक आयोजन को अपनी गन्दी राजनीति का अखाड़ा बना दिया।
इस अवसर पर केन्द्रीय कौशल विकास व उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी, केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक, ऊर्जा राज्य मंत्री सोमेन्द्र तोमर, सांसद अरुण गोविल, डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, डा. राजकुमार सांगवान, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
