अथाह संवाददाता
नोएडा। नोएडा विधायक एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे देश के समावेशी और तेज विकास का मार्ग प्रशस्त करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट हर वर्ग को आर्थिक शक्ति प्रदान करते हुए विकास को नई रफ्तार देता है।
पंकज सिंह ने कहा कि मोदी सरकार की दूरदर्शिता से तैयार यह बजट आत्मनिर्भर भारत का स्पष्ट खाका प्रस्तुत करता है, जो लगभग सात प्रतिशत विकास दर के लक्ष्य के साथ निवेश, विनिर्माण और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत आधार देता है। यह बजट देश की अर्थव्यवस्था को स्थिरता और मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि इस बजट में किसान, गरीब, युवा, महिलाएं और बच्चे सभी को ध्यान में रखा गया है। इसके साथ ही सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों, स्टार्टअप्स, नवाचार, बायोफार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स, एग्रीटेक और अवसंरचना जैसे क्षेत्रों को भी विशेष प्रोत्साहन मिला है, जिससे रोजगार सृजन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
पंकज सिंह के अनुसार बजट तीन प्रमुख कर्तव्यों पर केंद्रित है। पहला आर्थिक विकास और रोजगार के नए अवसरों का सृजन, दूसरा जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति और तीसरा सबका साथ सबका विकास के संकल्प को साकार करना।
उन्होंने कहा कि कर्तव्य भवन में तैयार किया गया यह पहला बजट भारत की अर्थव्यवस्था को समावेशी, सतत और भविष्य उन्मुख दिशा प्रदान करता है। अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को इस बजट के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
