Dainik Athah

मुख्यमंत्री ने की गोसेवा, अपने हाथों से खिलाया गुड़-रोटी



अथाह संवाददाता
गोरखपुर।
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान बुधवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने प्रात:काल गोरखनाथ मंदिर में शिवावतार महायोगी गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर मत्था टेका। सीएम योगी जब भी गोरखनाथ मंदिर में होते हैं तो गोसेवा भी उनकी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा रहती है।
मुख्यमंत्री सुबह मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए गोशाला पहुंचे और वहां कुछ समय व्यतीत किया। गोशाला में सीएम योगी ने चारों तरफ भ्रमण करते हुए श्यामा, गौरी, गंगा, भोला आदि नाम पुकारे। उनकी आवाज इन गोवंश के लिए जानी पहचानी है। अपने नाम की प्यार भरी पुकार सुनते ही कई गोवंश दौड़ते-कूदते उनके पास आ गए। मुख्यमंत्री ने सभी के माथे पर हाथ फेरा, उन्हें खूब दुलारा और अपने हाथों से गुड़-रोटी खिलाया।

बच्चों को स्नेहाशीष देकर बोले सीएम योगी, खूब पढ़ो-खूब बढ़ो

मंदिर परिसर के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नजर जब परिजनों के साथ मंदिर आए बच्चों पर पड़ी तो उन्होंने बच्चों को अपने पास बुला लिया। बच्चों से उनका नाम और पढ़ाई के बारे में पूछा। उनसे ठिठोली भी की और फिर स्नेहाशीष देते हुए बोले, खूब पढ़ो-खूब आगे बढ़ो। मुख्यमंत्री ने इन सभी बच्चों को अपने हाथ से मिष्ठान्न भी दिया। इस अवसर पर उन्होंने दो छोटे बच्चों को गोद में लेकर उनका अन्नप्राशन भी कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *