मेरे प्रदेश अध्यक्ष बनने पर कहा गया था इन्होंने केंद्र की राजनीति की है
अथाह ब्यूरो
लखनऊ/ कानपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुरुवार को कानपुर के छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के वीरांगना लक्ष्मी बाई प्रेक्षागृह में भाजपा कानपुर – बुंदेलखंड क्षेत्र की बैठक को संबोधित किया। बैठक के पूर्व नगर में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकतार्ओं ने स्थानीय नागरिकों के साथ ऐतिहासिक स्वागत किया।
पंकज चौधरी ने कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्रीय बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आज बहुत ही पवित्र दिन है, क्योंकि आज ही के दिन दो वर्ष पूर्व 2024 में अयोध्या में हमारे इष्ट देव भगवान राम के मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा हुयी थी। उन्होंने कहा की मैं अपनी ओर से और आप सभी की ओर से उन सभी पवित्र आत्माओं को नमन करता हूँ जिनके संघर्षों से ही अयोध्या में हमारे आराध्य भगवान राम का मंदिर निर्माण का सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सबसे पुरानी औद्योगिक नगरी कानपुर में आप सबके बीच आकर मैं भावविभोर हूँ। कानपुर का अपना यूनीक कल्चर है और आज भी कानपुर ने इसी यूनीकनेस से जल, थल और नभ से स्वागत किया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की स्थापना सत्ता के लिए नहीं बल्कि राष्ट्र सेवा के लिए हुई थी। मुझे गर्व है कि मैं ऐसी पार्टी का सदस्य हूँ और पार्टी ने मुझे देश के सबसे बड़े राज्य का अध्यक्ष बनाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मुझमें विश्वास दिखाया और 1991 से लेकर 2024 तक 7 बार मुझे भारत की संसद में भेजा। उन्होंने कहा कि आज के दिन मैं भाजपा के संस्थापक स्व. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को स्मरण कर उनको श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। मुखर्जी के शब्द एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे। यह हमारी पार्टी का संकल्प रहा हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आर्टिकल 370 को समाप्त करके इस संकल्प को पूरा किया है।
चौधरी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार की सभी योजनाओं को सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के लिए समर्पित किया गया है, जिससे अंत्योदय दर्शन को साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के जयघोष के साथ श्री राम जन्म भूमि पर भव्य राम मंदिर के निर्माण से देश का सदियों पुराना स्वप्न साकार हुआ है। काशी में बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल लोक सहित देश के सभी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक केंद्रों के विकास से पूरे विश्व ने दिव्य, भव्य, आलौकिक भारतीय सांस्कृतिक आभा के दर्शन किए है।
पंकज चौधरी ने कहा कि मेरे राजनीतिक दृष्टिकोण में कार्यकर्ता सबसे मूल्यवान है। उन्होंने कहा कि जब मेरे अध्यक्ष बनने की घोषणा हुयी थी तब कुछ लोगों ने कहा कि भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष ने हमेशा केन्द्र की राजनीति की है। मैंने सब सुना और चुप रहा क्योंकि शब्दों से नहीं मैं कर्म से जवाब देने में विश्वास रखता हूँ। मैं आप सबको विश्वास दिलाता हूँ कि मेरे काम करने की शैली इन सब बातों का जवाब होगी। उन्होंने कहा कि मेरी आप सब से भी यही अपेक्षा है की आप सभी मेरे साथ कंधा से कंधा मिलाकर साथ काम करें और साथ चलें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता का दायित्व किसी भी दायित्व से बड़ा है, मुझसे, आपसे, हम सबसे बड़ा है। संगठन ही हम सबकी स्ट्रेंथ है, संगठन ही हम सब राजनीतिक लोगों की पहचान है। मैं प्रदेश अध्यक्ष और वित्त राज्य मंत्री होने से पहले संगठन का एक कार्यकर्ता हूँ।
चौधरी ने कहा कि अभी दो दिन पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष के पदभार ग्रहण करने के अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा मैं एक कार्यकर्ता हूँ और नितिन जी मेरे बॉस है। उनके यह शब्द हमें यही संदेश देते हैं कि संगठन सबसे बड़ा है और संगठन में अनुशासन सबसे महत्वपूर्ण है। उनके यह शब्द भाजपा के सिद्धांतों को सरल शब्दों में पूर्णत: स्पष्ट करते हैं कि संगठन व्यक्ति से बड़ा है।उन्होंने कहा कि हम सबके लिए गौरव का विषय है कि हम सब ऐसे लीडर के नेतृत्व में काम कर रहे हैं जो विश्व में सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं और जिसे विश्व के 28 देशों ने अपने देश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि हम सबका दायित्व है कि हम अपने संगठन को और मजबूत बनाएं। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेई जैसे महान नेताओं ने हमें जो विरासत में दिया है उसे और मजबूत करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों से देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। अमेरिकी टैरिफ के बाबजूद देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है। एक्सप्रेसवे, डिफेंस एक्सपोर्ट, स्टार्टअप कल्चर से देश विश्व में सामरिक और आर्थिक रूप से मजबूत हुआ है। पहले भारत बोलता था तो कोई सुनता नहीं था, मोदी के नेतृत्व में आज भारत की बात विश्व सुनता भी है और मानता भी है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र का रास्ता उत्तर प्रदेश से ही जाता है, इसलिए 2027 के विधानसभा चुनाव में 2017 से बडी विजय के लिए हमे जुटना है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का सेकंड फेज चल रहा है। हमे जुटकर एक-एक घर में पहुंचकर किसी भी कारण से अब तक छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने का काम करना है।
चौधरी ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, उत्तर प्रदेश में हमारे करोड़ों कार्यकर्ता हैं। इसलिए हम सबका दायित्व है कि जमीनी स्तर पर विपक्ष के हर झूठ और भ्रम को समाप्त करके 2047 के विकसित भारत का संकल्प पूरा करना है।
