Dainik Athah

कानून व्यवस्था, अपराध, भ्रष्टाचार पर सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो है: अखिलेश यादव



अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार और अपराध चरम पर हैं। हत्या, लूट, चोरी, डकैती, बलात्कार की घटनाएं हर दिन हो रही है। हर विभाग और हर कार्य में लूट मची है। भाजपा सरकार अपराध और भ्रष्टाचार को रोकने में पूरी तरह से विफल है। कानून व्यवस्था, अपराध, भ्रष्टाचार पर सरकार का जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो है। सीतापुर में सेवानिवृत लेखपाल के घर परिवार को बंधक बनाकर 17 लाख की डकैती हो गयी। अम्बेडकरनगर जिले में अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित गांधी आश्रम में दिनदहाड़े एक महिला की गला रेता कर हत्या कर दी गई। एटा जिले में सोमवार को एक ही परिवार के चार लोगों की दिन दहाड़े निर्मम हत्या हो गयी। मुख्यमंत्री जी और पूरी भाजपा सरकार झूठे आंकड़े और झूठे दावों से सच्चाई को छुपाना चाहते हैं। अपराधियों को संरक्षण और उनके कारनामों में साझेदारी भाजपाइयों और पुलिस की असली कहानी है।
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के रहते न अपराध रुक सकता है और न भ्रष्टाचार। क्योंकि भाजपाई अपराधियों, भ्रष्टाचारियों से मिले हुए हैं। अपराधी भाजपाइयों और पुलिस के द्वारा संरक्षित हैं। महिलाओं के साथ अपराध की घटनाओं और साइबर अपराध में उत्तर प्रदेश देश में नंबर एक पर है। इसकी जिम्मेदार भाजपा सरकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में जल जीवन मिशन में भारी भ्रष्टाचार हुआ। कई जिलों में पानी की टंकियां टूट कर ध्वस्त हो गयी। चित्रकूट में कोशागार में 43 करोड़ से ज्यादा का घोटाला हुआ। गोण्डा में यूपी को-आॅपरेटिव बैंक में 21 करोड़ से ज्यादा रुपए का घोटाला हुआ। मां-गंगा की सफाई में बजट का बड़े पैमाने पर बंदरबांट हुआ।

अखिलेश यादव ने कहा कोडीन कफ सिरप का मामला देशव्यापी है। भाजपा सरकार जब से सत्ता में आयी चौतरफा भ्रष्टाचार, घोटाला और सरकारी बजट की लूट चल रही है। उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार लूट और खराब कानून व्यवस्था से त्रस्त हो चुकी है। जनता 2027 में भाजपा सरकार को हटाकर प्रदेश को कुशासन से मुक्त करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *