Dainik Athah

राजनगर एक्सटेंशन वीवीआईपी एड्रेसेज सोसाइटी में होटल में जबरन घुसकर हंगामा

मैनेजर से बदसलूकी; एक नामजद समेत नौ पर केस

होटल बंद न करने पर दी धमकी, स्टाफ से धक्का-मुक्की


मैनेजर की शिकायत पर नंदग्राम पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

अथाह संवाददाता,

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित एक होटल में जबरन घुसकर कर्मचारियों से मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। नंदग्राम थाना पुलिस ने एक नामजद आरोपी समेत नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया है।

नांगलोई, दिल्ली के ई-ब्लॉक कुंवर सिंह नगर निवासी राजकुमार ने नंदग्राम थाने में दी शिकायत में बताया कि वह राजनगर एक्सटेंशन की वीवीआईपी एड्रेसेज सोसाइटी में स्थित ‘वीवीआईपी सूट्स’ होटल में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। 24 दिसंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अपने कार्यस्थल पर मौजूद थे। इसी दौरान सोसाइटी में ही रहने वाला गौरव त्यागी अपने सात-आठ साथियों के साथ होटल परिसर में जबरन घुस आया।

आरोप है कि सभी लोग सीधे होटल के ऑफिस रूम में पहुंचे और स्टाफ के साथ बदसलूकी करने लगे। गौरव त्यागी ने होटल को तत्काल बंद करने की धमकी देते हुए कहा कि यहां होटल नहीं चलने दिया जाएगा। जब मैनेजर राजकुमार ने होटल के लाइसेंस और प्रशासनिक अनुमति से संबंधित जानकारी दी तो आरोपी और अधिक उग्र हो गया।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने होटल कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की की और उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया, जिससे होटल परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद कर्मचारियों में दहशत फैल गई।

इस मामले में एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय ने बताया कि गौरव त्यागी और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है और जल्द ही सभी आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *