Dainik Athah

अटल जी ने सेवा के लिए सत्ता का मंत्र राष्ट्र को दिया: धर्मपाल सिंह

अटल जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा ने किया दीपांजलि कार्यक्रम



अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी ने भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की जयन्ती की पूर्व संध्या पर बुधवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर दीपांजलि अर्पित करते हुए अटल जी को कृतज्ञ नमन किया। इसके साथ ही प्रदेश में अटल जी के सभी स्मारकों तथा जिला भाजपा कार्यालयों में दीपांजलि अर्पित करके सुशासन के अग्रदूत को नमन किया।
भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की जयन्ती की पूर्व संध्या पर प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बडी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकतार्ओं तथा स्थानीय नागरिकों के साथ दीपांजलि अर्पित करके अटल जी को नमन किया।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में अटल जी ने सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, अर्थिक सुदृढ़ता तथा भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाईयों तक पहुंचाया । पोखरण परीक्षण से लेकर ग्राम सड़क योजना तक उनके निर्णयों ने आत्मनिर्भर और सशक्त भारत की नींव रखी। उनकी वाणी में कविता थी और कर्म में राष्ट्र। उन्होंने सेवा के लिए सत्ता का मंत्र राष्ट्र को दिया।


प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर दीपांजलि अर्पित करने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष कान्ता कर्दम, सत्यपाल सिंह सैनी, बृज बहादुर, डा. धर्मेन्द्र सिंह, प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, अनूप गुप्ता, संजय राय, राम प्रताप सिंह चौहान, प्रदेश मंत्री शंकर लोधी, बंसत त्यागी, शिव भूषण सिंह, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी हिमांशु दुबे, प्रदेश मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, प्रदेश मुख्यालय सह प्रभारी अतुल अवस्थी, चौधरी लक्ष्मण सिंह सहित बडी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अटल जी की जन्म जयन्ती 25 दिसम्बर से एक दिन पूर्व बुधवार को प्रदेश में अटल जी के सभी स्मारकों पर पार्टी के कार्यकतार्ओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय नागरिकों के साथ स्वच्छता की तथा पुष्पार्चन किया। सायंकाल स्मारकों तथा भाजपा जिला कार्यालयों पर दीपांजलि अर्पित करते हुए श्रद्धेय अटल जी को कृतज्ञ नमन किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *