आगरा, मथुरा में प्रदेश महामंंत्री संगठन ने बीएलए 1 से किया संवाद

अथाह ब्यूरो
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शुक्रवार को मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा एवं योजना बैठक में आगरा तथा मथुरा जिला एवं महानगर के अभियान जिला संयोजक, मंडल अध्यक्ष, बीएलए-1 के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया लोकतंत्र का जनजागरण है। एसआईआर केवल प्रशासनिक औपचारिकता नही है, बल्कि चुनावी प्रक्रिया को प्रमाणिक बनाने की आधारशिला है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि संगठनात्मक तालमेल, तकनीकि दक्षता, निरन्तर मॉनीटरिंग एवं सतत जनसम्पर्क से यह अभियान जन-जन का अभियान बना है। उन्होंने कहा कि बीएलए-1, बीएलए-2 तथा बूथ प्रवासी को समन्वय और कार्य विभाजन के साथ बूथ अध्यक्षों को साथ लेकर प्रत्येक मतदाता तक पहुंचने की रणनीति बनाकर काम करना है। सम्पर्क, सत्यापन और सूचना के आदान-प्रदान से अभियान में पारदर्शिता, तीव्रता और प्रमाणिकता आएगी। कार्य की प्रमाणिकता से ही हमारी दक्षता प्रमाणित होगी।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि त्रुटिहीन, प्रमाणिक तथा सत्यापित मतदाता सूची लोकतंत्र का आधार है और लोकतंत्र की मजबूती का संकल्प ही हमारा ध्येय है। इस ध्येय की प्राप्ति के लिए कार्यकर्ता पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि समग्र रूप से इस कार्य में जुटें। मतदाता सूची शुद्धिकरण का यह अभियान गांव की गलियों, कस्बों, बस्तियों और शहरों के द्वार-द्वार तक दस्तक देने का संकल्प है। हर घर, हर बूथ और हर नागरिक तक पहुंचकर सहयोग सुनिश्चित करना ही हमारा कर्तव्य है। हमें संकल्प लेकर काम करना है कि कोई भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में ना छूटे और कोई भी बोगस या अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में ना रहे। विधानसभा, जिला एवं प्रदेश स्तर पर वॉर रूम से तकनीकि रूप से जुड़कर हमें अभियान को गति देना है। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल वॉर रूम से सम्पर्क करके समस्याओं का समाधान करना है। प्रत्येक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता को प्रमाणिक मतदाता सूची से प्रमाणिक व विश्वसनीय चुनाव प्रक्रिया तथा लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपनी भूमिका सुनिश्चित करना है।
