Dainik Athah

गांव के युवा भी खेल में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बना रहे पहचान: स्वतंत्र देव सिंह

मुरादनगर में सांसद खेल महोत्सव के तहत रावली कला में खेल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

सैकड़ों खिलाड़ियों ने कुश्ती, कबड्डी और दौड़ में दिखाया दम

अथाह संवाददाता

मुरादनगर। ग्राम रावली कला में सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुश्ती, कबड्डी और दौड़ की विभिन्न श्रेणियों में क्षेत्र के सैकड़ों खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

स्वतंत्र देव सिंह ने किया उद्घाटन

कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के जल संसाधन एवं सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किया। उन्होंने कबड्डी और कुश्ती खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए प्रतियोगिताओं का शुभारंभ कराया। गांधी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर वंदे मातरम गीत प्रस्तुत किया, जिसने कार्यक्रम में देशभक्ति का संदेश दिया।

धरातल से जुड़े दिखे मंत्री

स्वतंत्र देव सिंह की सादगी कार्यक्रम में भी देखने को मिली। वे दर्शकों के बीच जमीन पर बैठकर कुश्ती मुकाबलों का आनंद लेते नजर आए। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यही खिलाड़ी आगे चलकर देश का गौरव बढ़ाएंगे। ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ी संसाधनों की कमी के बावजूद उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं और ऐसे आयोजनों से उनकी प्रतिभा निखरकर सामने आती है।

बीस हजार खिलाड़ियों को मौका मिला

कार्यक्रम के आयोजक और गाजियाबाद के सांसद अतुल गर्ग ने बताया कि गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कुल बीस हजार खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को खेल की ओर प्रेरित करना और मंच प्रदान करना है।

विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी

कार्यक्रम में गाजियाबाद महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, मुरादनगर के विधायक अजीतपाल त्यागी, महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान, गन्ना समिति चेयरमैन राजन चौधरी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राहुल चौधरी, सदीप त्यागी, सभी मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, क्षेत्र पंचायत सदस्य और सभी ग्राम प्रधान उपस्थित रहे।

आभार व्यक्त किया गया

कार्यक्रम की सफलता पर ब्लॉक प्रमुख राजीव त्यागी ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *