Dainik Athah

कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से न छूटे, बोगस मतदाता सूची में शामिल ना रह पाए: धर्मपाल सिंह

मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया लोकतांत्रिक जागरूकता का व्यापक अभियान



अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में पूरी गहनता के साथ जुटकर सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाना है तथा बोगस नाम मतदाता सूची से हटवाने का काम भी करना है। मतदाता सूची के शुद्धीकरण का काम चल रहा है, हमे गांव, गली, शहर में हर बूथ, हर घर और हर व्यक्ति तक पहुंचना है।
धर्मपाल सिंह रविवार को गाजियाबाद एवं सहारनपुर में बीएलए-1 एवं मंडल अध्यक्षों तथा मानिटरिंग टीम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया लोकतांत्रिक जागरूकता का व्यापक अभियान है। कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से छूट न जाए और कोई भी बोगस नाम मतदाता सूची में शामिल ना रह पाए, इस दोहरी जिÞम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाना है। अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिला एवं विधानसभा स्तर पर वॉररूम तैयार किए गए हैं, जो प्रदेश स्तर पर बने वॉर रूम से तकनीकी रूप से से जुड़े रहेंगे। संगठनात्मक तालमेल और तकनीकी की सतत् निगरानी से अभियान को जन जन का अभियान बनाना है।


प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि विधानसभा स्तर पर बीएलए-1 तथा बूथ स्तर पर बीएलए-2 को आपसी सामंजस्य और सहयोग के साथ काम करना है। बीएलए-1 तथा बीएलए-2 के साथ बूथ प्रवासी भी नियुक्त किए गए है। तीनो ही मिलकर कार्य विभाजन करते हुए कार्य करें और बूथ अध्यक्ष को भी साथ लेकर प्रत्येक व्यक्ति तक पहुँचने की रणनीति बनाकर काम करें। सभी मिलकर बूथ स्तर पर सत्यापन, संपर्क और सूचनाओं के आदान प्रदान का महत्वपूर्ण कार्य करेंगे। इस व्यवस्था से अभियान को गति भी मिलेगी तथा विश्वसनीयता और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।


धर्मपाल सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता, पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि इस अभियान में अपने सक्रिय सहयोग और भागीदारी को सुनिश्चित करें, ताकि मतदाता सूची पूर्णत: प्रमाणित, सत्यापित और त्रुटिहीन तैयार हो सके। प्रमाणित मतदाता सूची मजबूत लोकतंत्र की बुनियाद है।
बैठक में मुख्य रूप से क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया, कैबिनेट मंत्री एवं साहिबाबाद विधायक सुनील कुमार शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी, डा. मंजू शिवाच, संजीव शर्मा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मानसिंह गोस्वामी, महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल मंचासीन थे। उन्होंने सहारनपुर में भी बैठक को संबोधित किया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *