बिहार विधानसभा चुनाव में गाजियाबाद के नेताओं का बोलबाला
बिहार के मुख्यमंत्री नितिश कुमार के साथ मंच साझा कर रहे केसी त्यागी, वहीं तेजस्वी के साथ राहुल यादव
विधानसभा चुनाव में चारों कर रहे जनसभाओं को संबोधित

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। देश में कहीं भी चुनाव हो, लेकिन गाजियाबाद के नेताओं की उपस्थिति वहां अवश्य रहती है। इस समय बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरशोर से चल रहा है, ऐसे में गाजियाबाद के नेता कहां पीछे रहने वाले हैं। जनता दल यू के मुख्य सलाहकार एवं पूर्व सांसद केसी त्यागी इन दिनों बिहार के मुख्यमंत्री नितिश कुमार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चुनाव प्रचार में जुटे हैं। वहीं, राजद के मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव के साथ सपा नेता राहुल यादव मंच साझा कर रहे हैं। इनके साथ ही लोनी के भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर एवं सपा के पूर्व विधान परिषद सदस्य जितेंद्र यादव भी चुनाव में जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं।
राजग के प्रमुख नेता एवं जदयू के मुख्य सलाहकार, पार्टी के पूर्व राष्टÑीय प्रमुख महासचिव एवं गाजियाबाद के पूर्व सांसद केसी त्यागी इन दिनों बिहार चुनाव में सक्रिय है। वे मुख्यमंत्री नितिश कुमार के साथ मंच साझा करने के साथ ही धारा प्रवाह भाषण कर राजग प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल बना रहे हैं। केसी त्यागी की भाषण शैली से मतदाताओं पर प्रभाव पड़ रहा है। बुधवार को वे नितिश कुमार के साथ नालंद में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

इसके साथ ही सपा के पूर्व एमएलसी एवं पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के समधी जितेंद्र यादव लगातार जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। बगैर रूके जिस प्रकार के तर्क वे सभाओं में रख रहे हैं उससे उनकी मांग भी प्रत्याशी लगातार कर रहे हैं।
इनके साथ ही लोनी के भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर तो दीपावली से पहले से ही पश्चिमी चंपारण की दो विधानसभा क्षेत्रों हरसिद्धी एवं कल्याणपुर का जिम्मा संभाल रहे हैं। वे अपने भाषणों से हिंदुओं को एकजुट करने का प्रयास कर रहे हैं।
सपा के पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव के पुत्र एवं राजद के मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी तेजस्वी यादव के बहनोई राहुल यादव तो बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद से ही बिहार में डेरा डाले हुए हैं। वे एक तरफ जहां चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ तेजस्वी के साथ मंच साझा कर रहे हैं। राहुल यादव ने दावा किया कि इस बार इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी और तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।
