Dainik Athah

भाजपा का कोई डबल इंजन नहीं है, झूठ के इंजन राजस्थान में भी चल रहे हैं: अखिलेश यादव



अथाह संवाददाता
अजमेर।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को अजमेर राजस्थान के एक दिवसीय दौरे के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। अजमेर पहुंचकर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा का कोई डबल इंजन नहीं है। सब झूठ के इंजन चल रहे हैं। झूठ के इंजन राजस्थान में भी चल रहे हैं। भाजपा ने दिल्ली और राजस्थान का अलग-अलग घोषणा पत्र बनाकर जनता के सामने रखा। सरकार बनने पर उस पर अमल नहीं किया। भाजपा झूठ बोलने वाली पार्टी है। झूठे वादे करती है। भाजपा की केन्द्र और प्रदेश की सरकारों ने किसानों की आय दोगुना करने का वादा किया था लेकिन वादा पूरा नहीं किया। भाजपा सरकार किसानों की फसल और जमीन लूट रही है। बड़े-बड़े उद्योगपतियों को सौंप रही है।


यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जनता भाजपा सरकार की कुनीतियों से त्रस्त है। उत्तर प्रदेश में 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर एक सवाल के जवाब में उन्होंने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद चेहरा घोषित करने के लिए इंडिया गठबंधन के नेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बिहार का चुनाव लड़ने की घोषणा करने के लिए इंडिया गठबंधन, कांग्रेस और सभी दलों के नेताओं को बधाई।
अखिलेश यादव ने कहा कि हमें भरोसा है कि बिहार की जनता तेजस्वी यादव और इंडिया गठबंधन को बिहार का विकास करने और युवाओं का भविष्य संवारने का मौका देगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *