अब बिहार विधानसभा चुनाव में गूंज रही है विधायक नंद किशोर गुर्जर की ललकार
हरसिद्धी सुरक्षित और कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्रों में लगी गुर्जर की ड्यूटी
विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक भी कर रहे जनसभाओं को संबोधित

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक और फायरब्रांड नेता नंद किशोर गुर्जर की ड्यूटी भाजपा नेतृत्व ने पूर्वी चंपारण क्षेत्र में भी लगाई है। वे दोनों विधानसभा क्षेत्रों में अपने ही अंदाज में विरोधियों को ललकार रहे हैं।
बता दें कि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को बिहार विधानसभा चुनाव में चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ सह प्रभारी के रूप में लगाया गया है। मौर्या ने बिहार में डेरा डाला हुआ है। इसके साथ ही गाजियाबाद के लोनी से विधायक नंद किशोर गुर्जर की ड्यूटी भी बिहार विधानसभा चुनाव में लगाई गई है। गुर्जर अपने विवादित एवं आक्रामक बयानों के लिए जहां सुर्खियों में रहते हैं, वहीं वे समय समय पर शासन- प्रशासन के अधिकारियों के लिए भी सिरदर्द बनते रहे हैं। वे लगातार दोनों विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय है और जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं।
दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों में वे प्रत्याशी के साथ ही कार्यकर्ताओं की पसंद बन रहे हैं। इसका सीधा कारण यह है कि वे सीधे विरोधियों पर प्रहार कर रहे हैं और हिंदुत्व की लहर मतदाताओं में उत्पन्न कर रहे हैं। उनके साथ ही विधान परिषद सदस्य एवं प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक भी इसी क्षेत्र में सक्रिय है।
नंद किशोर गुर्जर दीपावली के मौके पर तीन दिन के लिए अपने विधानसभा क्षेत्र में आये थे और अब वापस चले गये। उन्होंने बताया कि छठ पर्व के बाद चुनाव प्रचार में तेजी आयेगी। इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों हरसिद्धी सुरक्षित एवं कल्याणपुर में मतदाताओं पर उनकी बात का असर मतदाताओं पर हो रहा है। उन्होंने बताया कि छठ के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जनसभाएं करेंगे। उन्होंने दावा किया कि बिहार में एक बार फिर राजग की सरकार बनने जा रही है। मतदाताओं को इंडिया गठबंधन एवं जन सुराज पार्टी पर भरोसा नहीं है।
