Dainik Athah

सतीश घोंड को पश्चिम, चंद्रशेखर गोरखपुर, अजेय को ब्रज की कमान

भाजपा की मथुरा चिंतन बैठक में छह संगठन महामंत्रियों के यूपी चुनाव की बागडोर

हिंदुत्व के रथ पर सवार होकर चुनाव मैदान में उतरेगी भाजपा

कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने के लिए होंगे हर प्रयास


अशोक ओझा
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में हिंदुत्व के एजेंडे को धार देने के साथ ही कार्यकर्ता प्रथम के मंत्र के साथ मैदान में उतरेगी। पार्टी ने छह संगठन महामंत्रियों को भी विधानसभा चुनाव में उतार दिया है। महाराष्टÑ के संगठन महामंत्री सतीश घोंड को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कमान सौंपी गई है, जिन्होंने बुधवार से क्षेत्र में डेरा डाल दिया।
बता दें कि मंगलवार को मथुरा में भाजपा की चिंतन बैठक का समापन राष्टÑीय अध्यक्ष नितिन नबीन के भाषण के बाद हुआ। उन्होंने सभी नेताओं को चुनाव जीतने का मंत्र दिया। इसके साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राष्टÑीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, राष्टÑीय महामंत्री एवं यूपी प्रभारी विनोद तावड़े ने यूपी चुनाव को लेकर मार्ग दर्शन किया।
सूत्रों के अनुसार भाजपा 2027 का चुनाव हिंदुत्व के एजेंडे पर ही लड़ेगी और इसके ध्वजवाहक होंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। योगी ने बैठक के अगले दिन से ही हिंदुत्व के एजेंडे को धार देनी शुरू कर दी। बुधवार को जहां भी कार्यक्रम थे वहां उन्होंने इसी एजेंडे को अपना मुख्य भाषण रखा। इसके साथ ही जिस प्रकार ‘राधे राधे कमल खिला दे’ नारा तय किया गया है वह भी इसी का अंश है। भाजपा इसी नारे के सहारे सपा के पीडीए की धार को कुंद करने का प्रयास करेगी। भाजपा ने निराशावाद में घिरे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के उपाय करने का निर्णय भी लिया है।

इसके साथ ही भाजपा ने प्रदेश के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में देश के विभिन्न राज्यों में तैनात संगठन महामंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी है। इसके तहत पश्चिम क्षेत्र में महाराष्टÑ के संगठन महामंत्री सतीश घोंड, मध्य प्रदेश के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर को गोरखपुर क्षेत्र, राजस्थान के संगठन महामंत्री अजेय कुमार को ब्रज क्षेत्र, छत्तीसगढ़ के कर्मवीर सिंह को अवध क्षेत्र झारखंड के संगठन महामंत्री पवन साय को कानपुर एवं आंध्र प्रदेश के संगठन महामंत्री एन मधुकर को काशी क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी है। सतीश घोंड ने बुधवार से ही एमएलसी दिनेश गोयल के निवास पर आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में उपस्थित होने के साथ ही कार्यभार ग्रहण कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *