Dainik Athah

भ्रष्ट- धोखेबाज बिल्डरों के खिलाफ हो कड़ी से कड़ी कार्रवाई: पंकज सिंह

  • विधायक पंकज सिंह ने विधानसभा में उठाया किसानों- गरीबों के मुद्दे
  • हाई पावर कमेटी की सिफारिशों को जल्द लागू करें, किसानों को होगा लाभ

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
नोएडा से भाजपा विधायक पंकज सिंह ने विधानसभा में जहां भ्रष्ट और धोखेबाज बिल्डरों को आड़े हाथों लेते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की, वहीं उन्होंने किसानों एवं गरीबों को आवास का मुद्दा भी जोरशोर से उठाया।

शुक्रवार को विधानसभा में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं नोएडा विधायक पंकज सिंह ने कहा कि प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार भ्रष्ट बिल्डरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी का परिणाम है कि हजारों की संख्या में बिल्डरों को आवंटियों की रजिस्ट्री करनी पड़ रही है, इससे पहले लोगों को बिल्डर परेशान कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद भी अनेक बिल्डर मध्यम एवं गरीब लोगों की गाढ़ी कमाई को हड़पने के प्रयास में है। ऐसे बिल्डरों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाये और जिन्होंने अपने जीवनभर की कमाई बिल्डरों को दी है उनसे रजिस्ट्री करवाई जाये।

पंकज सिंह ने इसके साथ ही नोएडा के गरीब लोगों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनके लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना से घर दिये जायें। उन्होंने कहा कि नोएडा में भी बड़ी संख्या में गरीब लोग निवास करते हैं।

विधायक पंकज सिंह ने कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के निर्माण में किसानों का बड़ा योगदान और उनका समर्पण है। किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर हो। अब ग्रेटर नोएडा में अंतर्राष्टÑीय एयरपोर्ट भी किसानों के सहयोग से ही संपन्न हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाईपावर कमेटी का गठन किया था। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है। इस कमेटी ने भी किसानों की समस्याओं को स्वीकार किया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि हाई पावर कमेटी की रिपोर्ट को लागू कर किसानों की समस्याओं का समाधान करें जिससे उनके आंदोलन भी समाप्त हो।

पंकज सिंह ने किया अधिष्ठाता के रूप में विधानसभा कार्यवाही का संचालन
नोएडा से भाजपा विधायक पंकज सिंह ने शुक्रवार को अधिष्ठाता के रूप में विधानसभा की कार्यवाही का संचालन भी किया। उनकी यह फोटो लोगों को पसंद आ रही है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *